8 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पांचना बांध मामला : आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर तनाव, करौली में कई जगहों पर सड़कें जाम, पुलिस कार्रवाई शुरू

पांचना बांध विवाद के बीच सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों ने करौली जिले का माहौल और गरमा दिया है। कई स्थानों पर सड़क जाम, प्रदर्शन और ज्ञापन के बीच पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं प्रदर्शनकारी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं, जिससे जिले में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
3 min read
Google source verification

करौली

image

Kamal Mishra

Jul 08, 2026

Panchna Dam Protest

Panchna Dam Protest: आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ चक्काजाम (फोटो-पत्रिका)

करौली। पांचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़ने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों ने करौली जिले में तनाव बढ़ा दिया है। विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए सड़कें जाम कर दीं और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। हालात को देखते हुए करौली पुलिस ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां करने वाले लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में हुई कार्रवाई के तहत दोनों पक्षों से जुड़े लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। हिंडौन सदर थाने में हाकिम सिंह बैसला और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं करौली सदर थाने में दीपक गढ़ी, अजय राज मीणा, हंसराज अर्जुन मेहर, मदन राजोर, मनोज मीणा सहित कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

आरोप है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने, जनप्रतिनिधियों को धमकाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेश प्रसारित किए गए। पुलिस का कहना है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी

इधर, मासलपुर में समाज के प्रतिनिधियों ने सहायक पुलिस उप निरीक्षक गजराज सिंह को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि सोशल मीडिया पर समाज की महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां की गई हैं, जिससे लोगों में गहरा आक्रोश है। प्रतिनिधियों ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

मुहाना मोड़ लोगों ने सड़क जाम की

गुढ़ाचंद्रजी क्षेत्र में भी बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग मुहाना मोड़ पर एकत्र हुए और कंटीली झाड़ियां तथा पेड़ डालकर सड़क जाम कर दी। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने नादौती थाना अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

श्रीमहावीरजी में चक्काजाम

श्रीमहावीरजी में भी ग्रामीणों और किसानों ने देवनारायण मंदिर परिसर में बैठक के बाद चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते नादौती-श्रीमहावीरजी मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हिण्डौन क्षेत्र में भी देवलेन मोड़ पर प्रदर्शन के कारण महुआ रोड अवरुद्ध रहा। इसका असर रोडवेज बस सेवाओं पर भी पड़ा और जयपुर सहित कई मार्गों पर बस संचालन रोकना पड़ा।

नहरों में पानी छोड़ने को लेकर चल रहा आंदोलन

उधर, पांचना बांध से नहरों में पर्याप्त पानी की मांग को लेकर कटकड़-टोडूपुरा मोड़ सहित जिले के कई हिस्सों में किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने सड़क पर टेंट लगाकर रात बिताई और यातायात रोकने के लिए पहरा दिया। जिले के विभिन्न मार्गों पर जाम के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं तथा लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

बड़ी खबरें

View All

करौली

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग