7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान के इस शहर में पुलिस थाना भवनों की होगी अदला-बदली

Police station buildings will be swapped in this city of Rajasthanकोतवाली के भवन में जाएगा सदर थाना, शहर के बीच आएगी कोतवाली

2 min read
Google source verification
राजस्थान के इस शहर में पुलिस थाना भवनों की होगी अदला-बदली

राजस्थान के इस शहर में पुलिस थाना भवनों की होगी अदला-बदली


हिण्डौनसिटी. इलाके में खाकी की इकबाल बुलंद करने के लिए पुलिस महकमे में अभी तक दारोगा से लेकर सिपाहियों की अदला-बदली की जाती रही, लेकिन अपराधियों में खौफ और आमजन में विश्वास कायम नहीं हो पाया। लेकिन अब आए दिन की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस थानों के भवनों का तबादला किया जाएगा। कहने में भले ही यह अटपटा लगे, लेकिन करौली के जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल क'छावा ने हिण्डौन कोतवाली थाने को हिण्डौन सदर थाने के भवन में और सदर थाने को कोतवाली थाना भवन में स्थानांतरित करने के आदेश हाल ही में जारी किए हैं। साथ ही दोनों थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर आदेशों को अमलीजामा पहनाने के लिए भी निर्देशित किया है। अगर सब कुछ ठीक रहा आगामी कुछ दिनों में शहर के बीच संचालित सदर थाना करौली रोड़ पर कोतवाली भवन में एवं कोतवाली थाना शहर के बीचोंबीच संचालित होने लगेंगे।


दरअसल फिलहाल जिस भवन में सदर थाना संचालित है, वह कोतवाली थाने का है। वर्षों पहले इसी भवन में शहर का कोतवाली थाना संचालित हुआ करता था, लेकिन आबादी के साथ अपराधों का आंकडा बढ़ा तो सरकार ने यहां सदर थाना स्वीकृत कर दिया गया। इससे पहले ही कोतवाली थाने के लिए करौली रोड़ पर गौशाला के पास नए भवन व पुलिस क्वार्टरों का निर्माण हो गया। ऐसे में खाली पड़े कोतवाली के भवन में ही सदर थाने का संचालन शुरु कर दिया गया। हालांकि सदर थाना भवन निर्माण के लिए कैलाश नगर के पास भूमि का आवंटन काफी समय पहले ही हो चुका, लेकिन विभागीय अनदेखी व जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण भवन की नींव भी नहीं लग सकी।

अब तुंरत पहुंचेगी पुलिस-
कोतवाली व सदर थाने के भवनों की अदला बदली होने से पुलिस की आमजन तक पहुंच आसान हो जाएगी। चूंकि कोतवाली थाने का इलाका शहरी क्षेत्र है, ऐसे में अब यह थाना शहर के बीचोंबीच संचालित होगा। जिससे बाजार व आसपास के इलाके में किसी शिकायत या विवाद होने की स्थिति में पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच पाएगी। जबकि सदर थाने का स्थानांतरण करौली रोड़ पर शहर से बाहर होने के कारण वहां की पुलिस की पहुंच ग्रामीण क्षेत्र में त्वरित गति से हो सकेगी।

जब्त वाहन और सामान को रखने की होगी परेशानी-
कोतवाली थाने का संचालन शहर के बीच सदर थाना भवन में होने से जब्त वाहन और सामान को रखने में खासी दिक्कत होगी। क्योंकि वर्तमान में सदर थाना पुलिस द्वारा जब्त वाहनों को भी कोतवाली थाना परिसर में रखा जाता है।

इनका कहना है-

पुलिस मुख्यालय को भेजा हुआ है प्रस्ताव
घटना के बाद मौके पर पुलिस की सहज पहुंच के लिए दोनों थाना भवनों को परस्पर बदला जा रहा है। इसके अनुमोदन के लिए पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा हुआ है। दोनों थाना प्रभारियों को भी समन्वय स्थापित कर प्राथमिक तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए हैं।
मृदुल क'छावा, पुलिस अधीक्षक, करौली