कटनी। होली त्यौहार से पहले शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। शराब माफियाओं के हौसले पस्त किए हैं। रीठी थाना क्षेत्र में व अन्य स्थानों पर शराब के निर्माण विक्रय व परिवहन पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। इसी कड़ी में रीठी पुलिस ने देवगांव, बिरुहली, हरदुआ, बूढ़ा, ललितपुर में कार्रवाई की है। यहां पर शराब निर्माण के लिए कुप्पा, मटको व टीन के कंटेनर में महुआ लाहन सड़ रहा था। जिससे शराब का निर्माण किया जाना था। व्यापक पैमाने पर होली में अवैध तरीके से बनी शराब को खपाने की तैयारी थी, जिस पर शराब माफियाओं के मंसूबे पर पुलिस ने पानी फेर दिया है। थाना प्रभारी पूजा मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल के द्वारा कार्रवाई की गई है। इसके अलावा इस कार्रवाई में कई थानों का पुलिस बल भी मौजूद रहा।
अवैध शराब के 05 प्रकरण दर्ज
वर्तमान समय में थाना रीठी अंतर्गत ग्राम बूढ़ा, ललितपुर विरुहली, हरदुआ मदार टेकरी, पटेहरा, सुगमा, देवगांव कूड़ो में लगातार पारधी जनजाति व्दारा अवैध हाथ भट्टी शराब की सूचना प्राप्त होने पर युवा पीढ़ी व आम जनता को नशे की बुरी लत से बचाने के लिए एवं आगामी होली के त्यौहार को देखते हुये उप पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार जैन द्वारा लगातार दूसरी बार कार्रवाई करते हुए रविवार को भी सुबह 06 बजे कर करीबन 3200 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया गया। संपूर्ण कार्रवाई के दौरान लाइन ऑर्डर की स्थिति को नियंत्रित रखते हुये सफलता पूर्वक कार्रवाई की गई जिसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियो को दी गई।