कटनी. पुलिस परिवार एवं उनके बच्चों के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में रविवार को आभास अभियान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कलेक्टर केवीएस चौधरी, एसपी मिथिलेश शुक्ला सहित आला अधिकारी व उनके परिवार के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान बच्चों को गुड टच और बेड टच के बारे में बताया। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश मामलों में रिश्तेदार और करीबी ही बच्चों का शोषण करते हैं। यौन शोषण की शुरुआत परिवार और आसपास रहने वाले लोगों से ही होती है। ऐसे में न केवल इस बात को लेकर सजग रहने की जरूरत है बल्कि बच्चों को गुड टच और बैड टच का अंतर बताने की भी जरूरत है। यदि कोई करीबी ऐसी हरकत है जो अच्छा नहीं लग रहा है तो बच्चों को उसकी जानकारी अपने परिजनों को जरूर देनी चाहिए। कार्यशाला में सवालों के माध्यम से बच्चों के जीवन में हुई यौन शोषण से जुड़ी घटनाओं को जानने का प्रयास किया गया। यौन शोषण से बचने का तरीका भी बच्चों को बताया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, उपपुलिस अधीक्षक मुख्यालय मनोज वर्मा, महिला थाना प्रभारी एसआई राखी पांडे सहित अन्य मौजूद रहे।