आबादी का आधा हिस्सा होने के बावजूद पार्टियों ने महिलाओं को नहीं दिया प्रतिशत के आधार पर मौका
छह दशक में 19 महिलाएं ही चुनाव मैदान में, नौ बार पहुंचीं विधानसभा
-आबादी का आधा हिस्सा होने के बावजूद पार्टियों ने महिलाओं को नहीं दिया प्रतिशत के आधार पर मौका
अमित भटोरे
खरगोन. हाल ही में महिला आरक्षण विधेयक का मुद्दा सुर्खियों में आया है। इस मुद्दे को लेकर भले ही देशभर में महिलाओं के आरक्षण की मांग उठ रही है परंतु राजनीति के क्षेत्र में हालात जुदा है। आबादी का लगभग आधा हिस्सा होने के बावजूद राजनीतिक पार्टियों ने महिलाओं को प्रतिशत के आधार पर मौका नहीं दिया। हालात यह बने कि पिछले छह दशक में सिर्फ 19 महिला उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। इनमें से सिर्फ नौ बार महिला प्रत्यशी जीतकर विधानसभा पहुंच सकी। इनमें कुछ महिला प्रत्याशी एक से अधिक बार चुनाव मैदान में उतरी। इन सबके बीच एक बार फिर महिलाओं के आधिकार और राजनीति में दखल का मुद्दा चर्चा में है। खरगोन जिले की राजनीति में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को लेकर समय-समय पर मांग उठती रही। परंतु पार्टियों की ओर से इस मुद्दे पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। वर्ष 1957 से 1972 तक चार विधानसभा चुनाव में एक भी महिला प्रत्याशी नहीं थी। वर्ष 1977 से 2018 तक सीमित संख्या में महिलाओं ने चुनाव लड़ा। भगवानपुरा, कसरावद व बड़वाह विधानसभा से एक बार भी महिला प्रत्याशी विधायक नहीं बन सकी। जबकि खरगोन, महेश्वर व भीकनगांव से महिला प्रत्याशियों को विधायक बनने का मौका मिला।
कांग्रेस ने दिया अधिक मौका
चुनावी रिकार्ड के अनुसार महिलाओं को मौका देने में कांग्रेस आगे रही। कांग्रेस ने खरगोन, महेश्वर व भीकनगांव से महिलाओं को एक से अधिक बार मौका दिया। जबकि भाजपा ने महिला प्रत्याशियों को कांग्रेस की तुलना में कम मौका दिया। हालांकि कांग्रेस की ओर से महिलाओं को मौका देने पर परिवारवाद के आरोप भी लगते रहे। इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने दो और भाजपा ने एक महिला को प्रत्याशी बनाया है।
चुनावी इतिहास में महिलाओं की दावेदारी
वर्ष -विधानसभा -प्रत्याशी -परिणाम
1977 -खरगोन -चंद्रकांता खोड़े, कांग्रेस -हार
1980 -भीकनगांव -पुनीबाई, निर्दलीय -हार
1980 -खरगोन -चंद्रकांता खोड़े, कांग्रेस -जीत
1985 -महेश्वर -विजयलक्ष्मी साधौ, कांग्रेस -जीत
1985 -खरगोन -करुणा दांगी, कांग्रेस -जीत
1990 -महेश्वर -विजयलक्ष्मी साधौ, कांग्रेस -हार
1990 -कसरावद -सईदा परवीन, निर्दलीय -हार
1990 -खरगोन -चंद्रकांता खोड़े, कांग्रेस -हार
1993 -महेश्वर -विजयलक्ष्मी साधौ, कांग्रेस -जीत
1993 -महेश्वर -शांतिदेवी, दूरदर्शी पार्टी -हार
1993 -महेश्वर -शिवकुंवर, जनता दल -हार
1998 -महेश्वर -विजयलक्ष्मी साधौ, कांग्रेस -जीत
2003 -भीकनगांव -लक्ष्मीबाई रोमड़े, निर्दलीय -हार
2003 -महेश्वर -विजयलक्ष्मी साधौ, कांग्रेस -हार
2003 -कसरावद -कंचनबाई, निर्दलीय -हार
2003 -खरगोन -करुणा दांगी, एनसीपी -हार
2008 -भीकनगांव -संगीता पटेल, कांग्रेस -हार
2008 -भीकनगांव -तुलसी गोले, बीजेएनएस -हार
2008 -महेश्वर -विजयलक्ष्मी साधौ, कांग्रेस -जीत
2008 -महेश्वर -विजयलक्ष्मी साठे, निर्दलीय -हार
2008 -कसरावद -किरण पाटीदार, निर्दलीय -हार
2008 -कसरावद -अर्चना यादव, निर्दलीय -हार
2013 -भीकनगांव -झूमा सोलंकी, कांग्रेस -जीत
2013 -भीकनगांव -नंदा ब्राह्मणे, भाजपा -हार
2013 -महेश्वर -सुनीता तटवारे, निर्दलीय -हार
2018 -भीकनगांव -झूमा सोलंकी, कांग्रेस -जीत
2018 -भीकनगांव -गोदावरी, निर्दलीय -हार
2018 -बड़वाह -कविता कर्मा, एसवीपी -हार
2018 -महेश्वर -विजयलक्ष्मी साधौ, कांग्रेस -जीत
:: जिले में महिला मतदाता एक नजर में ::
विधानसभा क्षेत्र -महिला मतदाता
भीकनगांव -123614
बड़वाह -114461
महेश्वर -113008
कसरावद -117995
खरगोन -120055
भगवानपुरा -126231