कोटा. कोटा जिले की चेचट थाना पुलिस ने रविवार को अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा के खिलाफ बड़ी कारवाही की। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 2365.460 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। डोडा चूरा 121 प्लास्टिक के कट्टों में था। ट्रक में पराली के नीचे डोडा चूरा छिपाकर तस्करी की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण कावेन्द्र सिंह सागर ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण अरुण माच्या व वृताधिकारी वृत रामगजमण्डी कैलाश चंद के निर्देश में चेचट थानाधिकारी बन्ना लाल मय टीम ने रविवार देर रात अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा के खिलाफ कार्यवाही की। टीम ने दिल्ली- मुम्बई एक्सप्रेस वे 8 लाइन की चेचट मोडक रोड स्थित पुलिया के पास नाकाबंदी कर ट्रक चालक को रुकवाया। ट्रक की तलाश लेकर ट्रक चालक फलोदी जिले के भोजासर थाना क्षेत्र के गिलो की ढाणी नोखड़ा चारणाम निवासी राजाराम विश्नोई (44) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 121 प्लास्टिक के कट्टों में भरे 2365.460 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त किया है।
121 प्लास्टिक कट्टों में था डोडा चूरा
पुलिस टीम ने ट्रक की तलाश ली तो उसमें पराली व चारे की पूली भरी थी। पुलिसकर्मियों ने पूलियों को हटाया तो पलास्टिक के कट्टे नजर आए। टीम ने 121 प्लास्टिक के कट्टे ट्रक से उतारे। इन कट्टों में डोडा चुरा भरा था। पुलिस ने चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है।