
मरीज कर रहे थे डॉक्टरों का इंतजार
बूंदी. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. सामर ने उपजिला चिकित्सालय नैनवां एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जजावर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपजिला चिकित्सालय में साफ-सफाई व्यवस्था बेहद खराब पाई गई, जिस पर सीएमएचओ डॉ. सामर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्था का इस स्तर पर होना गंभीर लापरवाही है। इस पर प्रभारी अधिकारी को दो दिवस के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में वार्ड में रखी गई दवाइयां व्यवस्थित पाई गई, लेकिन चिकित्सकों के कक्ष में सभी डॉक्टर एक साथ बैठे पाए गए, जिससे मरीजों को परामर्श लेने में परेशानी हो रही थी। इस पर सीएमएचओ ने सभी चिकित्सकों को अलग-अलग कक्षों में बैठकर मरीजों को देखने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को सुगम एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
सीएमएचओ डॉ. सामर ने कहा कि अस्पताल में कई व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं और इनमें तत्काल सुधार आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय पर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने सीएससी जजावर का भी निरीक्षण किया, जहां स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण कार्य एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
Updated on:
25 Jul 2026 06:01 am
Published on:
25 Jul 2026 06:01 am
