कोटा. कोटा के नयागांव स्थित बाल सम्प्रेषण गृह में बंद बाल अपचारियों के दो गुट सोमवार सुबह भिड़ गए। ( Gangwar in Bal sampreshan grah ) एक गुट के बाल अपचारियों ने पलंग के पाइप तोड़कर दूसरे गुट के बाल अपचारियों पर हमला कर दिया। जिसमें दूसरे गुट के एक बाल अपचारी को चोट आई है। बताया जा रहा है कि एक गुट के अपचारियों ने दूसरे गुट के अपचारियों के कक्ष का ताला तोड़ दिया। इससे दोनों गुट आमने सामने हो गए। मारपीट के बाद एक गुट के करीब 10-15 अपचारी छतों पर चढ़ गए और दरवाजा बंद कर दूसरे गुट पर पथराव कर दिया। इससे आक्रोशित दूसरे गुट के अपचारियों ने टीवी, फ्रीज, वाटरकूलर, ट्यूब लाइट, बल्ब तोड़ दिए। वहीं, गद्दे जला दिए। इससे सम्प्रेषण गृह में धुआं ही धुआ हो गया। यहां तैनात सुरक्षा गार्ड भी नजर नहीं आए।
Read More: बारां में 5 साल के बच्चे ने चला दी बंदूक, छर्रे लगने से मां की हालत नाजुक, कोटा रैफर
जानकारी के अनुसार सम्प्रेषण गृह में 46 बाल अपचारी रहते हैं। इनमें दो गुट बने हुए हैं। कुछ बाल अपचारियों में एक पखवाड़े से कहासुनी चल रही थी। सोमवार सुबह करीब दस बजे नित्यक्रिया के लिए जब उन्हें कमरों से बाहर निकाला तो उन्होंने दूसरे गुट के कक्ष का ताला तोड़ दिया। इससे दोनों गुटों में विवाद शुरू हो गया। इसी बीच दोनों गुट आपस में भिड़ गए। पानी की टंकियां नल के पाइप, टीवी, फ्रिज तोड़ दिए। एक गुट के अपचारी छतों पर चढ़ गए और दूसरे गुट पर पथराव कर दिया। इससे आक्रोशित दूसरे गुट ने भी पथराव किया और जो सामने नजर आया उसे तहस नहस कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गुटों को अलग-अलग कर मामला शांत किया। वहीं, मौका देखकर एक बाल अपचारी फरार हो गया है।
Read More: वाहन चलाते समय झपकी लगी तो आपको जगा देगा ये खास चश्मा, जानिए कैसे करता है काम
सम्प्रेषण गृह के अधिकारियों पर लगाया पक्षपात का आरोप
एक गुट के बाल अपचारियों ने बाल सम्प्रेषण गृह के अधिकारियों पर दूसरे गुट के बाल अपचारियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है एक गुट के अपचारी उन्हें जबरदस्ती परेशान करते हैं, जब इसकी शिकायत सम्प्रेषण गृह के अधिकारियों से करते हैं तो उनकी सुनवाई नहीं होती।
पुलिस बल किया तैनात
दो गुटों में भिडंत के बाद पुलिस ने अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया है। इससे पहले सितम्बर 2017 को भी दो गुटों में भिडंत हो गई थी। जिसमें छह जने घायल हो गए थे। प्रथम दृष्टया मामला दोनों गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का लग रहा है। हंगामे के बीच एक बाल अपचारी मौके से फरार हो गया है। उसे आज ही अदालत में पेश किया जाना था। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
Watch: बाढ़ से खण्डहर हुए आशियाने में 10 दिन बाद जला उम्मीदों का चूल्हा, हौसले की आंच पर सिकी रोटियां
बड़ी उम्र के लड़के बनते हैं बवाल की वजह
सूत्रों के अनुसार बाल सम्प्रेषण गृह में कुछ बाल अपचारी ऐसे हैं जिनकी उम्र 18 वर्ष से अधिक है। उन्हें यहां से जेल व अन्य जगहों पर शिफ्ट करने के संबंध में किशोर न्याय बोर्ड को पत्र लिखा जा चुका है साथ ही उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करवा रखा है। लेकिन, अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। बड़ी उम्र व आक्रमक व्यवहार वाले लड़के अक्सर बवाल मचाते रहते हैं।
22 अगस्त 2017 को भी भिड़े थे दो गुट
सूत्रों के अनुसार यहां दो गुटों के बीच भिडंत नई बात नहीं है। इससे पूर्व वर्ष 2017 में 22 अगस्त व 8 सितम्बर को भी बाल अपचारियों के दो गुट आपस में भिड़ चुके हैं। 22 अगस्त को हुए झगड़े के बाद 23 अगस्त को तत्कालीन अधीक्षक ने उनकी समझाइश की तो एक गुट के बाल अपचारी ने दिन की चाय देते समय गर्म चाय उन पर फेंक दी थी। जिससे उनका हाथ जल गया था। इस संबंध में भी उन्होंने अधिकारियों को अवगत करवा दिया था। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लड़कों के हौसले बढ़ गए और खुलेआम मारपीट करने पर उतारू हो गए।