11 दिसंबर 2025,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नवाबों के शहर में घर बनाना हुआ महंगा, 1 अगस्त से सर्किल रेट में बढ़ोत्तरी, जानें कहां सबसे ज्यादा और कम

आने वाले दिनों में लखनऊ में मकान, प्लाट और कामर्शियल फ्लैट लेना महंगा होने वाला है। सबसे ज्यादा महंगी जमीन गोमती नगर में मिलेगी। गोमती नगर का सर्किल रेट सबसे अधिक प्रस्तावित किया गया है।

3 min read
Google source verification

लखनऊ में बढ़े जमीनों के सर्किल रेट, PC - पत्रिका डिजाइनिंग टीम।

Circle Rate Increase In Lucknow : आने वाले दिनों में लखनऊ में मकान, प्लाट और कामर्शियल फ्लैट लेना महंगा होने वाला है। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने 10 साल के बाद डीएम सर्किल रेट जारी किया है। LDA ने प्रस्तावित सर्किल रेट के लिए आपत्तियां भी मांगी हैं। आपत्ति दूर करने के बाद 1 अगस्त को नया डीएम सर्किल रेट लागू किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार सिंह ने बताया कि नए डीएम सर्किल रेट को लेकर दरें निर्धारित कर ली गई हैं। नई दर के तहत कृषि भूमि पर 15, व्यावसायिक भूमि पर 25 और बहुमंजिली इमारत पर 20% तक डीएम सर्किल रेट की बढ़ोतरी की गई है।

डीएम ने बताया कि यह प्रस्ताव वर्तमान बाजार दरों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। जनता से 2 जुलाई से 17 जुलाई के बीच दावे और आपत्तियां मांगी गई हैं। अंतिम निर्णय के बाद नई दरें लागू होंगी। आपत्तियां निबंधन कार्यालय सहायक महान निरीक्षक निबंध के कार्यालय में सुबह 10:00 बजे से दर्ज की जाएंगी। इसके साथ ऑफिशल वेबसाइट aiglko01@gmail.com पर भी आपत्ति दर्ज कराई जा सकते हैं।

पहले जानें क्या होता है सर्किल रेट

सर्किल रेट (Circle Rate) किसी भी संपत्ति (जमीन, फ्लैट, दुकान आदि) का वह न्यूनतम मूल्य होता है, जिसे राज्य सरकार के संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित किया जाता है। इसे गाइडलाइन वैल्यू (Guideline Value), रेडी रेकनर रेट (Ready Reckoner Rate) या जिला कलेक्टर दर (District Collector Rate) जैसे अन्य नामों से भी जाना जाता है, जो अलग-अलग राज्यों में भिन्न हो सकते हैं।

यह वह दर है जिससे कम पर किसी संपत्ति की रजिस्ट्री (Registration) नहीं की जा सकती है। जब आप कोई संपत्ति खरीदते या बेचते हैं, तो उस पर लगने वाली स्टाम्प ड्यूटी (Stamp Duty) और पंजीकरण शुल्क (Registration Fee) की गणना इसी सर्किल रेट के आधार पर की जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य टैक्स चोरी को रोकना और संपत्ति के लेनदेन में पारदर्शिता बनाए रखना है।

सबसे महंगी गोमती नगर की जमीन

प्रस्तावित नए डीएम सर्किल रेट के तहत आने वाले दिनों में राजधानी लखनऊ की जमीन महंगी हो जाएगी। सबसे ज्यादा महंगी जमीन गोमती नगर में मिलेगी। गोमती नगर का सर्किल रेट सबसे अधिक प्रस्तावित किया गया है। दूसरे नंबर पर महानगर और तीसरे नंबर पर इंदिरा नगर का रेट बढ़ाया गया है। राजधानी लखनऊ की 26 प्रमुख कॉलोनीयों के सर्किल रेट जारी किए गए हैं। जहां पर 25 प्रतिशत तक डीएम सर्किल रेट को बढ़ाया गया है। वहीं, 26 मुख्य कालोनियों में से दो का रेट सबसे कम बढ़ाया गया है। इसमें अनंत नगर योजना की प्रस्तावित दर 15 से 18 हजार है। वहीं संतुष्टि एनक्लेव की प्रस्तावित दर 7 से 10 हजार ही बढ़ाई गई है।

कम दर वाले ग्रामीण क्षेत्रों में 40% तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। मोहनलालगंज, सरोजनीनगर जैसी जगहों पर नई लग्जरी टाउनशिप के चलते रेट संशोधित किए जा रहे हैं। व्यवसायिक जमीन खरीदने वालों को अकृषक दर पर 50% ज्यादा भुगतान करना होगा। यदि किसी आवासीय भूखंड के आसपास कॉमर्शियल गतिविधियां हैं, तो वहां की दरें भी 20% तक बढ़ सकती हैं।

शहर के प्रमुख बड़े प्रोजेक्ट जैसे अंसल, एमार का सर्किल रेट महज 18 हजार था। अब इसमें बढ़ोतरी कर 50 हजार तक किया गया है। कारण, इन प्रोजेक्ट में महंगी दरों पर जमीनों व फ्लैटों की बिक्री की जा रही है। अन्य कॉलोनियों व प्रोजेक्ट में भी इसी तरह रेट बढ़ाए गए हैं।

यह भी पढ़ें : यूपी में पंचायत चुनाव से पहले बीजेपी की बड़ी चुनौती, नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन या बढ़ेगा कार्यकाल?