टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले ललित उपाध्याय को यूपी पुलिस में विशेष कार्याधिकारी नियुक्त किया गया है। ललित कुमार उपाध्याय टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पद जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली पुरुष हॉकी टीम का प्रमुख अंग रहे हैं।
लखनऊ. टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले ललित उपाध्याय को यूपी पुलिस में विशेष कार्याधिकारी नियुक्त किया गया है। ललित कुमार उपाध्याय टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पद जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली पुरुष हॉकी टीम का प्रमुख अंग रहे हैं। ललित कुमार उपाध्याय को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में प्रदान किए जाने वाला सर्वोच्च सम्मान अर्जुन पुरस्कार भी दिया जा चुका है।
राज्य सरकार ने ललित कुमार उपाध्याय के लिए पुलिस विभाग में पुलिस उपाधीक्षक के समकक्ष समूह 'ख' में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परिधि के बाहर विशेष कार्याधिकारी का अस्थायी पद सृजित किया है।
खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में सेवायोजित करना शामिल
अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि वाराणसी निवासी भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य ललित कुमार उपाध्याय को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के समकक्ष विशेष कार्याधिकारी के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का सम्मान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। खिलाड़ियों को सम्मान दिये जाने के साथ ही उन्हें सरकारी सेवा में सेवायोजित करना भी प्रारम्भ किया गया है। इसी क्रम में ललित उपाध्याय को यह नियुक्ति दी गई है। इससे पहले टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय हाकी टीम के पदक जीतने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित समारोह में ललित उपाध्याय को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया था।