
लखनऊ में अलकायदा से जुड़े दो आतंकी गिरफ्तार, सीरियल ब्लास्ट की योजना
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. Lucknow Kakori terrorist राजधानी लखनऊ के काकोरी क्षेत्र से रविवार को यूपीएटीएस ने अलकायदा के दो आतंकियों को भारी विस्फोटकों के साथ गिरफ्तार किया है। यूपीएटीएस ने छापेमारी में दो प्रेशर कुकर बम, एक अर्ध निर्मित टाइम बम बरामद किया है। मौके पर मौजूद बम डिस्पोजल स्क्वॉड टीम ने बम को निष्क्रिय किया। एटीएस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। बताया जा रहा है कि आतंकी कई शहरों में सीरियल ब्लास्ट के फिराक में थे।
दो ट्रेंड आतंकी गिरफ्त में :- लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के दुबग्गा इलाके में एटीएस को एक मकान में बने गैराज में अलकायदा के आतंकियों के छिपे होने का इनपुट मिला था। कार्रवाई में दो ट्रेंड आतंकियों अब तक पकड़ लिया गया है। यहां के तीन घरों में कमांडो तलाशी कर रहे हैं। एटीएस ने आसपास के 500 मीटर दायरे में बने घरों को खाली करा लिया है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। स्थानीय पुलिस भी मौके पर है।
कई भाजपा नेता हिट लिस्ट :- बताया जाता है कि आतंकी कई शहरों में सीरियल ब्लास्ट करने के फिराक में थे। साथ ही भाजपा कुछ बड़े नेता भी इनके हिट लिस्ट में शामिल थे। भाजपा के स्थानीय सांसद को तो तीन दिन में ही उड़ाने की योजना थी। इस काम में दोनों प्रेशर कुकर बम का प्रयोग होना था।
आतंकियों से पूछताछ जारी :- एटीएस के आइजी डॉ. जीके गोस्वामी ने बताया कि एटीएस के इस ऑपरेशन में बम और असलहे भी मिले हैं। आतंकियों से पूछताछ हो रही है और हमारी टीम पास के कुछ घरों में भी पड़ताल कर रही है। आशंका है कि पास के घरों में इनके और साथियों ने भी ठिकाना बनाया है।
परिवार वालों से पूछताछ :- पकड़े गए अलकायदा के दोनों आतंकियों का नाम शाहिद उर्फ गुड्डू और वसीम हैं। शाहिद उन्नाव का रहने वाला है। दुब्बगा में रियाज और सिराज के घरों की तलाशी चल रही है। तीनों के घर सटे हुए हैं। शाहिद के मकान को सीज किया गया है। शाहिद के परिवार वालों से पूछताछ जारी है। अधिक जानकारी के लिए एक टीम टीम उन्नाव भी रवाना हो गई है।
पहले भी हुए कई वारदात :- लखनऊ में इससे पहले भी मार्च 2017 में सुरक्षा बलों ने कानपुर के रहने वाले आइएसआइएस के खुरासान मॉड्यूल के आतंकी सैफुल्ला को मार गिराया था। सितंबर 2018 में चकेरी के जाजमऊ अहिरवां स्थित शिवनगर कॉलोनी पकड़े गए हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी कमरुज्जमां उर्फ कमरुद्दीन उर्फ डॉ. हुरैरा को गिरफ्तार किया गया था।
Published on:
11 Jul 2021 03:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
