पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की वजह यूपी के कई जिलों में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। फिर कुछ इलाकों में बारिश ने ठंड को और बढ़ा दिया है। आईएमडी के अनुसार, यूपी में अगले दो दिनों तक कंपा देने वाली शीतलहर चलेगी और कुछ जगहों पर काले बादल छाये रह सकते हैं। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 26 जनवरी को मौसम कैसा रहेगा यह सवाल सबके मन में है। दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा, बादलों का पहरा और शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, 27 जनवरी से सर्द हवाएं और शीतलहर ठिठुरन बढ़ाएगी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को राजपथ पर भव्य गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन होना है। शहर में कल सुबह हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है। वहीं उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के दौरान शीत दिवस (कोल्ड डे) की स्थिति रहने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में मंगलवार को भी बादल छाये रहेंगे और बारिश होगी।