
Akhilesh
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेत्रत्व में शनिवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई जिसमें कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव, किरनमय नंदा व विधान परिषद में नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री अहमद हसन सहित कई दिग्गज मौजूद थे। बैठक में यूपी में 2022 विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन किया गया। साथ ही पार्टी के अन्य प्रस्तावों पर मुहर भी लगाई गई। बैठक में मध्यप्रदेश में नया राजनीतिक विकल्प तैयार करने को लेकर भी चर्चा हुई। 2022 चुनाव में भाजपा को घेरने के मकसद से सपा ने '22' का गणित भी तैयार किया है। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत अप्रैल महीने से हर 22 तारीख को प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन होगा। 22 तारीख निर्धारित करने के पीछे 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। इसमें प्रदेश व देश के 22 मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ऐसे होगा 2022 का मार्ग प्रशस्त-
अखिलेश यादव ने बैठक में कहा कि समाजवादी पार्टी का दायित्व है कि उत्तर प्रदेश के किसानों, नौजवानों, अल्पसंख्यकों, व्यापारियों, महिलाओं, छात्रों आदि सभी वर्गो को न्याय दिलाने तथा प्रदेश के विकास के लिए पार्टी के कार्यकर्ता अभी से बूथस्तर तक पहुॅचकर आगामी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने के लिए कार्यक्रम और रणनीति तैयार करें ताकि भाजपा की जन विरोधी, विकास विरोधी तथा प्रदेश के समाज को बांटने वाली सरकार को सत्ता से दूर किया जा सकें। इससे 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा।
जी जान से जुट जाएं कार्यकर्ता-
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति आह्वान करती है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के होने वाले 2022 के चुनावों में अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनने वाली समाजवादी सरकार को प्रचण्ड बहुमत प्राप्त करने के लिए कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जी-जान से जुट जाये। इससे पूर्व 23 मार्च को तहसील स्तर पर डॉ लोहिया की जयंती पर साइकल यात्रा से जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। बैठक में अखिलेश यादव ने समाजवादी बुलेटिन को भी नए स्वरूप में लॉन्च किया।
Published on:
14 Mar 2020 07:50 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
