
यूपी में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में 163 नए कोरोना मरीज मिले हैं। गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा में सबसे ज्यादा 47 केस, लखनऊ में 24, वाराणसी में 14, गाजियाबाद में 13 नए केस मिले हैं। वहीं, 85 कोरोना रोगी स्वस्थ भी हुए हैं। अब प्रदेश में एक्टिव केस का आंकड़ा 718 तक पहुंच गया। प्रदेश के अब 56 जिलों में कोरोना मरीज हैं। ठीक, एक दिन पहले प्रदेश के 44 जिलों में ही कोरोना के मरीज थे।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही कोरोना पॉजिटिव
यूपी में NCR के अलावा लखनऊ में भी संक्रमण की रफ्तार में तेजी आई हैं। मंगलवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई हैं। फिलहाल, वह होम आइसोलेशन में हैं। लखनऊ सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि कृषि मंत्री में कोरोना के गंभीर लक्षण नहीं हैं। बावजूद इसके ऐहतियात बरती जा रही हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल को भी कलेक्ट करके जांच के लिए भेजा गया है।
6 दिन में मिले 808 केस, 97% होम आइसोलेशन में
यूपी में महज 6 दिन में कोविड के 808 नए केस रिपोर्ट हुए हैं। इस दौरान एक्टिव केस की संख्या में 200% से ज्यादा वृद्धि हुई है। यानी, एक्टिव केस की संख्या 350 से बढ़कर 718 तक पहुंच गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि 97% से ज्यादा मरीज होम आइसोलेशन में हैं। 718 में से 15 मरीज ही अस्पताल में भर्ती हैं। बाकी सभी का होम आइसोलेशन में इलाज किया जा रहा है।
24 घंटे में कुल 26 हजार 260 सैंपल की जांच
प्रदेश में 24 घंटे में कुल 26 हजार 260 सैंपल की जांच हुई हैं। प्रदेशभर के जिला अस्पताल में 11 हजार 382 सैंपल की जांच की गई। वहीं, मेडिकल कॉलेज में 5784 सैंपल की जांच की गई। इसके अलावा, निजी लैब में 328 सैंपल का टेस्ट हुआ। अगर शहर की बात की जाए तो कानपुर नगर में 800, अयोध्या में 596, गाजियाबाद में 1681 सैंपल की जांच की गई। वहीं, लखनऊ में 857 सैंपल की जांच हुई हैं।
कोरोना वैक्सीनेशन की रफ्तार है धीमी
राज्य में अब तक कुल 39 करोड़ 20 लाख 6 हजार 119 वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। अब तक 17 करोड़ 69 लाख 98 हजार 871 को पहली डोज और 16 करोड़ 89 लाख 69 हजार 263 को दोनों डोज लग चुकी है। वही प्री-कॉशन डोज लगाने वालों की संख्या 4 करोड़ 60 लाख 37 हजार 985 है। कोरोना केस बढ़े हैं पर वैक्सीनेशन की रफ्तार अभी भी धीमी हैं। तमाम दावों के बावजूद इसमें तेजी नही हैं। वही लंबे समय से प्रदेश में बच्चों की कोविड वैक्सीनेशन नही लग पा रही हैं।
Published on:
05 Apr 2023 05:25 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
