
Positive
यह देखना वाकई दिलचस्प होता है कि सफल लोग अपनी समस्याओं से कैसे डील करते हैं और उनके समाधान कैसे ढूंढ़ते हैं। जहां अधिकतर लोग इन समस्याओं को अपनी सफलता के रास्ते में रुकावट के रूप में देखते हैं और इनसे घबरा जाते हैं, वहीं, सफल लोग इन्हें चुनौतियों के रूप में स्वीकार करते हैं और इनका सामना कर ज्यादा सफल होते हैं। वह अपनी कठिनाइयों से इसलिए साहस के साथ लड़ पाते हैं क्योंकि उनमें सभी नकारात्मक विचारों को जाने देने की काबिलियत होती है। अधिकतर लोग इन्हीं नकारात्मक विचारों की वजह से चुनौतियों से लड़ नहीं पाते। असल में, सफलता आपकी मानसिकता पर निर्भर करती है। आपको जरूरत होती है तो बस अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने की और सकारात्मक तरीके से चुनौतियों से लडऩे की। जानते हैं कि, कौनसी चुनौतियां आपको सफल बना सकती हैं -
उम्र
आयु असल में सिर्फ एक नंबर है। सफल लोग अपनी उम्र को कभी अपनी सफलता के आड़े नहीं आने देते। वह कौन हैं और क्या करने की क्षमता रखते हैं, इसकी पहचान उनकी उम्र से कभी नहीं होती। हो सकता है कि लोग आपकी उम्र की वजह से आपको बताएं कि आपको क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए लेकिन बेहतर यही है कि आप उनकी न सुनें। अगर आपको खुद पर भरोसा है तो आप किसी भी उम्र में सफलता पा सकते हैं। बस अपने दिल की सुनें और अपनी मंजिल की ओर विश्वास से बढ़ें। उम्र का सफलता से कोई लेना-देना नहीं है। लोग बहुत कम उम्र या फिर अधिक उम्र में भी कामयाब होते हैं।
बुरा चाहने वाले लोग
जिस तरह अच्छे लोग आपको आगे बढऩे में मदद करते हैं, उसी तरह दूसरों का बुरा चाहने वाले लोग हमेशा आपको पीछे खींचने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोग हमेशा कड़वी बातें या नकारात्मक बातें बोलकर आपको स्ट्रेस देने की कोशिश करते हैं और आपको आगे बढऩे से रोकते हैं। यह ऐसे लोग होते हैं जो आपकी कामयाबी से जलते हैं या आपका बुरा चाहते हैं। आपको ऐसे लोगों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। आपको उनकी बातों को अहमियत नहीं देनी चाहिए। याद रखें कि जब तक आप खुद को सही लोगों के साथ नहीं रखेंगे, तब तक आप सफल नहीं हो पाएंगे। आपको ऐसे लोगों की बातों को चुनौतियों के रूप में लेना चाहिए और खुद पर विश्वास रखते हुए आगे बढऩा चाहिए। आपकी सफलता ही इन लोगों की बातों का जवाब होगी।
नकारात्मकता
याद रखें कि जिंदगी हमेशा उस तरह नहीं चलती, जिस तरह हम चाहते हैं। ऐसे में चीजों को लेकर शिकायत करने के बजाय हमेशा चीजों के प्रति सकारात्मक रवैया रखें। सफल लोगों को जब भी कभी जिंदगी में नकारात्मकता घेरती है, तब वह उससे अपनी सकारात्मक सोच के जरिए बाहर निकल आते हैं। आपको भी चाहिए कि जिंदगी में हमेशा शिकायक करने के बजाय समस्याओं का समाधान ढूंढ़ें, उनसे निपटें और आगे बढ़ें। नकारात्मकता से लडक़र ही आप सफल होंगे।
डर से न डरें
आपका डर महज एक भाव के अलावा कुछ नहीं है, जो आपकी कल्पना से और बढ़ता है। डर को आप खुद चुनते हैं लेकिन सफल लोग अपने इस डर को कभी खुद पर हावी नहीं होने देते। वह अपने डर को अपनी सफलता की सीढ़ी की तरह इस्तेमाल करते हैं। वह हर उस चीज से लड़ते हैं जिससे वह डरते हैं और उस पर जीत हासिल करते हैं। वह खुद को विश्वास दिलाते हैं कि वह अपने डर से लड़ सकते हैं। आपको भी अपने डर को पीछे छोडक़र आगे बढऩा चाहिए।
भूत या भविष्य
डर की तरह ही आपका बीता हुआ कल या आने वाला कल, महज आपके दिमाग की उपज है। आप कितना ही पश्चाताप कर लें, अपने बीते हुए कल को नहीं बदल सकते और भले ही कितनी ही चिंता क्यों न कर लें, अपने आने वाले कल पर भी आपका बस नहीं चलता। सफल होने के लिए जरूरी है कि आप अपने बीते हुए कल को और भविष्य की अनिश्चितता को स्वीकार करें और अपने आज पर अपना ध्यान दें। अगर ऐसा नहीं करेंगे तो कभी पूरी क्षमता से काम नहीं कर पाएंगे।
दुनिया की हालत
अगर आप अपनी नजर खबरों पर ले जाएंगे, तो आपको हर जगह गिरती अर्थव्यवस्थाएं, विफल होती कंपनियां और आपदाएं ही नजर आएंगी। इससे यह सोचना कि दुनिया खात्मे की ओर बढ़ रही है, आसान है। हालांकि सफल लोग इन सब की चिंता नहीं करते क्योंकि वे उन सब चीजों में खुद को नहीं उलझाते जिन पर उनका बस नहीं है। इसके बजाय वह हर दिन का इस्तेमाल आसपास की दुनिया को बेहतर बनाने और अपने प्रयत्नों को बेहतर बनाने के लिए करते हैं।
दूसरे क्या सोचते हैं
जब आप खुद को दूसरों से तुलना करके खुद को संतुष्ट महसूस करने लगते हैं, तब आप लंबे समय तक सफल नहीं रह पाते। इसलिए आपको कभी अपनी कामयाबी की तुलना दूसरों से नहीं करनी चाहिए। याद रखें कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि दूसरे आपके बारे में क्या सोचते हैं, अगर आप खुद अपने काम से संतुष्ट हैं, तो वह आपकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। सफ ल होने के लिए आपको यह जानना जरूरी नहीं है कि दूसरे आपके बिजनेस या आपके बारे में क्या सोचते हैं। इस सबकी चिंता करके आप केवल अपना समय और ऊर्जा बर्बाद करते हैं और कुछ नहीं। जब आप खुद अपने काम को लेकर अच्छा महसूस करेंगे तो दूसरे आपको किसी भी कीमत पर विचलित नहीं कर पाएंगे। अत: आप सभी काम अपनी खुशी के लिए कीजिए, न कि दूसरों की बातों के बारे में सोचकर।
Published on:
05 May 2019 06:56 pm
बड़ी खबरें
View Allमैनेजमेंट मंत्र
शिक्षा
ट्रेंडिंग
