
success
दुनिया के हर इंसान के मन में सफल होने और आगे बढऩे की इच्छा होती है। इसके लिए लोग कड़ी मेहनत भी करते हैं। पर फिर भी ज्यादातर लोग सफल नहीं हो पाते। इसका कारण क्या है? दिक्कत यह है कि लोग जीवन में थोड़ी-सी समस्या आने पर हार मान लेते हैं। वे खुद पर भरोसा ही नहीं कर पाते हैं। वे मन में दुखी हो जाते हैं। उन्हें लगता है कि उनकी सारी मेहनत पर पानी फिर गया है। अक्सर हमें सफलता उस समय मिलती है, जब हमें इसकी उम्मीद नहीं होती है। याद रखें आपको अपनी मेहनत का फल जरूर मिलता है।
अगर हमारे अंदर सफलता प्राप्त करने के लिए जुनून है तो हम सैकड़ों बार हारने पर भी हार नहीं मानेंगे और अपनी मंजिल प्राप्त करके ही दम लेंगे। सफलता प्राप्त करने की राह में कई बार हताशा होती है, लेकिन अगर आप मंजिल पाने के बाद की खुशियों के बारे में विचार करेंगे तो हताशा दूर हो जाएगी। आपको सोचना होगा कि जीवन में हर काम और परिस्थिति अच्छे के लिए होती है। अगर आप हर स्थिति में खुद को संतुलित रखेंगे तो आसानी से आगे बढ़ते जाएंगे। आपको न तो क्षणिक सुख मिलते ही बहुत ज्यादा खुश होना है और न ही थोड़ा सा दुख मिलते ही परेशान होना है।
अगर आप हर स्थिति में धैर्य बनाए रखते हैं तो विजय आपकी होती है। हारने वाले और जीतने वाले में यही अंतर होता है। हारने वाले धैर्य का दामन छोड़ देते हैं, जबकि जीतने वाले अंत तक सही जगह पर उपस्थित रहते हैं। उन्हें उनके टिके रहने का पुरस्कार मिलता है। मुश्किल वक्त में वही व्यक्ति टिका रहता है, जिसे खुद पर भरोसा होता है और जो सफलता का आनंद धैर्य के साथ लेना जानता है। कई बार ऐसा भी होता है कि कुछ समझ में नहीं आता है कि क्या करें और क्या न करें। ऐसी परिस्थिति में अपने मन की आवाज सुननी चाहिए और अपने विवेक के मुताबिक सही और गलत का फैसला करना चाहिए।
Published on:
25 Aug 2018 02:36 pm
बड़ी खबरें
View Allमैनेजमेंट मंत्र
शिक्षा
ट्रेंडिंग
