
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ. शोहदों की हरकतों से परेशान एक किशोरी ने थाना परिसर में ही जहर खाकर जान दे दी। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटना जिले के थाना परीक्षितगढ़ की है। जहां छेड़छाड़ के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और पुलिस रवैये से क्षुब्ध एक गांव की किशोरी ने शुक्रवार शाम थाना परिसर में जहर खा लिया। पुलिस आनन-फानन में किशोरी को गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि चार माह पूर्व दो सगे भाई समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
आरोप है कि परिक्षित गढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी से गांव का ही युवक शादाब पुत्र हसरत छेड़छाड़ करता था। किशोरी का घर से बाहर निकलना भी दूभर हो गया था। एक दिन दुस्साहस करते हुए आरोपी ने किशोरी के घर अपना फोन भेजकर भाग चलने का दबाव बनाया। जब वह नहीं मानी तो चेहरे पर तेजाब डालकर जलाने की धमकी दी। किशोरी के परिजनों आरोपी के घर शिकायत की तो आरोपी के भाई मुनव्वर व गुलेशर पुत्र शेर ने अपने भाई का पक्ष लेते हुए जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। 17 फरवरी को पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई। उधर, पीड़िता अपनी मां के साथ थाने का चक्कर लगाते हुए थक गई, लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम पीड़ित किशोरी अपनी मां के साथ फिर से थाने पहुंची, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पूर्व की तरह दुत्कार दिया। इसी बात से क्षुब्ध किशोरी ने थाना परिसर में जहर खा लिया। उल्टी होने पर मां द्वारा शोर मचाने पर पुलिसकर्मी पहले पास ही चिकित्सक के पास ले गए। वहां डॉक्टर के जवाब देने पर मेरठ अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसओ आनंद प्रकाश मिश्रा भी अस्पताल पहुंच गए। जहां लोगों का विरोध झेलना पड़ा। पुलिस को काफी मशक्कत के बाद शव को मोर्चरी भेज दिया।
Published on:
03 Jul 2021 11:01 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
