scriptUP Cabinet Expansion : जानें कौन हैं टीम योगी में शामिल हुए दिनेश खटीक, अधिवक्ता सुसाइड केस से आए थे सुर्खियों में | UP Cabinet Expansion know all about minister dinesh khatik | Patrika News
मेरठ

UP Cabinet Expansion : जानें कौन हैं टीम योगी में शामिल हुए दिनेश खटीक, अधिवक्ता सुसाइड केस से आए थे सुर्खियों में

UP Cabinet Expansion : मेरठ हस्तिनापुर विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने विधायक दिनेश खटीक बने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री।

मेरठSep 27, 2021 / 10:06 am

lokesh verma

dinesh-khatik.jpg
मेरठ. UP Cabinet Expansion : आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है। मंत्री पद की शपथ लेने वाले नेताओं के नामों में मेरठ हस्तिनापुर विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने दिनेश खटीक (Dinesh Khatik) का नाम भी शामिल किया गया है। विधायक दिनेश खटीक ने मंत्री पद की शपथ ले ही है। इसके साथ ही हस्तिनापुर के विधायक (Hastinapur MLA) को मंत्रिमंडल में शामिल करने के साथ ही वनवास भी खत्म हो गया।
दरअसल, चार महीने बाद होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार को काफी अहम माना जा रहा है। इसके तहत सात मंत्रियों को शपथ दिलाई गई, जिनमें हस्तिनापुर विधानसभा सीट से विधायक दिनेश खटीक भी शामिल हैं। विधायक दिनेश खटीक मवाना थाना क्षेत्र के कस्बा फलावदा के रहने वाले हैं। इन्होंने सन 2017 में पहली बार भाजपा की ओर से हस्तिनापुर विधानसभा से चुनाव लड़ा था। पहली ही बार में दिनेश खटीक ने बसपा प्रत्याशी योगेश वर्मा को पराजित कर जीत हासिल की। दिनेश खटीक शुरू से ही भाजपा में रहे हैं और संघ के कार्यकर्ता रहे हैं। इनके पिता भी संघ के कार्यकर्ता रहे हैं। इनके भाई नितिन खटीक जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। विधायक दिनेश खटीक का फलावदा में ईंट भट्टे का व्यवसाय है। वर्तमान में वह मेरठ के गंगानगर में रहते हैं।
यह भी पढ़ें- UP Cabinet Expansion : यूपी चुनाव से पहले जातीय-क्षेत्रीय समीकरण दुरुस्त करने की कोशिश

सपा ने भाजपा पर लगाए आरोप

वहीं विधायक दिनेश खटीक के मंत्रिमंडल में शामिल होने पर सपा ने भाजपा पर निशाना साधा है। सपा के जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह का कहना है कि विधायक दिनेश खटीक पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बता दें कुछ दिन पहले ही एक अधिवक्ता ने आत्महत्या की थी, जिसका आरोप हस्तिनापुर विधायक पर लगा था। अधिवक्ताओं के आंदोलन के बाद थाना गंगानगर में मुकदमा दर्ज हुआ था। सपा जिलाध्यक्ष ने खटीक को मंत्री बनाए जाने पर जनता के भरोसे के साथ खिलवाड़ बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधिक छवि वाले व्यक्ति को मंत्री पद से नवाजने का मतलब है कि भाजपा अपराधियों को बढ़ावा देने का काम कर रही है, जो कि समाज में एक जहर का काम करेगा।
विधायक दिनेश खटीक द्वारा कराए गए ये विकास कार्य

क्षेत्रीय विधायक दिनेश खटीक द्वारा हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली प्राचीन ऐतिहासिक नगरी में कई बड़े विकास कार्य कराए गए। खादर क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए 18 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं को विधायक दिनेश खटीक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर प्रस्तावित कराया। वर्तमान में जिसका निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने हस्तिनापुर में राजकीय बालिका डिग्री कॉलेज का निर्माण कराया। कस्बे के समीप श्री मालीपुर गौ आश्रय स्थल बनाया, जिसमें लगभग 600 निराश्रित गोवंश आज भी मौजूद हैं। उन्होंने क्षेत्र में कई बड़े विकास कार्य कराए। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जितने विकास कार्य भाजपा के विधायक दिनेश खटीक ने कराए, उतने अन्य किसी विधायक ने क्षेत्र में नहीं कराए।

Home / Meerut / UP Cabinet Expansion : जानें कौन हैं टीम योगी में शामिल हुए दिनेश खटीक, अधिवक्ता सुसाइड केस से आए थे सुर्खियों में

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो