
लॉकडाउन के दौरान रेलवे ने लिया बड़ा फैसला, देशभर में 14 अप्रैल तक सभी यात्री ट्रेनों की सेवाएं बंद
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की वैश्विक महामारी से बचने के लिए केंद्र सरकार ने पूरे देश में 25 मार्च से 21 दिन का लॉकडाउन का ऐलान किया है। सरकार के इस फैसले को देखते हुए रेलवे ने 14 अप्रैल तक अपने सभी यात्री ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया । रद्द होने वाली ट्रेनों में शताब्दी, राजधानी, दूरंतो, गतिमान, वंदेभारत, तेजस समेत सभी प्रीमियम, मेल/ एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, पैसेंजर गाड़ियों के अलावा उपनगरीय सेवाएं भी शामिल हैं।
कोलकाता मेट्रो की सेवा भी बंद
रेलवे बोर्ड के मुताबिक यह कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा तीन हफ्ते तक लॉकडाउन की घोषणा को देखते हुए उठायाा गया है। रेलवे बोर्ड ने कहा है कि 14 अप्रैल की रात्रि 12 बजे तक सभी यात्री ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा और इस दौरान उपनगरीय रेल सेवाओं और कोलकाता मेट्रो रेल की सेंवाएं भी बंद रहेगी।
हालांकि इस दौरान मालगाड़ियों का परिचालन जारी रहेगा। बता दें कि इससे पहले रेलवे ने सभी ट्रेनों के परिचालन पर रोक लगा दी थी। लॉकडाउन के ऐलान के बाद रेलवे ने 14 अप्रैल तक ट्रेनों के परिचालन रोक दी है। हालांकि इस दौरान मालगाड़ियों की आवाजाही चालू रहेगी।
कोरोना वायरस का बढ़ रहा प्रकोप
गौरतलब है कि दुनिया समेत भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 550 के पार तक पहुंच गई है। जबकि यहां मरने वालों की तादाद 11 हो गई है। कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने पूरे देश में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है।
पीएम मोदी ने लोगों से घरों में रहने की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार रात को राष्ट्र के नाम संबोधन में 21 दिनों के लिए लॉकडाउन की घोषणा की। इस दौरान पीएम मोदी ने लोगों से 21 दिनों तक घरों के अंदर रहने को कहा है। पीएम मोदी ने बताया कि लोग 21 दिन तक अपने घरों में रहे। चाहे कुछ भी हो जाए लोग घरों से बाहर नहीं निकले।
पीएम मोदी ने साफ तौर से कहा कि अगर लोग 21 दिन अपने घरों में नहीं रह सकते तो पूरा देश 21 साल पीछे चला जाएगा। लॉकडाउन के दौरान पूरा देश पूरी तरह से बंद रहेगा। हालांकि जरूरी सामानों की सप्लाई जारी रहेगी।
Updated on:
25 Mar 2020, 7:55 PM IST
Published on:
25 Mar 2020, 5:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.