
लॉकडाउन पर पीएम बोले, 21 दिन नहीं संभले तो 21 साल पिछड़ जाएगा परिवार और देश
नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर पूरी दुनिया दहशत और सकते में है। भारत में भी कोरोना वायरस से हड़कंप मचा हुआ है। इस बीच पीएम मोदी ने भारतीय इतिहास की सबसे व्यापक देशबंदी का ऐलान कर दिया। मंगलवार को दूसरी बार राष्ट्र के नाम संबोधन किया। पीएम मोदी ने कहा कि मंगलवार की रात 12 बजे से देशभर में लॉकडाउन कर दिया जाएगा इस दौरान पीएम मोदी ने साफ कर दिया कि लॉकडाउन कर्फ्यू की तरह होगा। पीएम मोदी ने लोगों से हाथ जोड़कर विनती की कि लोग 21 दिनों तक अपने घरों से बाहर नहीं निकले।
चाहे जो हो जाए घर से बाहर नहीं निकलना- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि यह संकल्प लीजिए चाहे जो हो जाए घर से बाहर नहीं निकलेंगे। 21 दिन बाहर निकलना क्या होता है यह पूरी तरह से भूल जाइए। हमने एक लक्ष्मण रेखा खींच दीं है। अगर तीन हफ्ते तक हालात को नहीं संभला गया तो परिवार और देश 21 साल के लिए पीछे चला जाएगा । उन्होंने कहा कि सब कोई याद रखें जान है तो जहान है । अनुशासन बनाए रखें ज्यादा उछल कूद ना करें।
देश को आर्थिक कीमत उठानी पड़ेगी
पीएम मोदी ने दूसरी बार राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि लापरवाही की बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने ये भी बताया कि निश्चित तौर पर देश को आर्थिक कीमत उठानी पड़ेगी।एक-एक भारतीय के जीवन को बचाना इस समय मेरी, भारत सरकार की, देश की हर राज्य सरकार की, हर स्थानीय निकाय की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। आप जहां हैं वहीं रहें। देश में 21 हफ्ते का लॉकडाउन होगा।
लापरवाही से देश को कीमत चुकानी पड़ेगी
कुछ लोगों की लापरवाही आपके परिवार, दोस्तों और आगे चलकर देश को बहुत बड़ी मुश्किल में झोंक देगी। अगर ऐसी लापरवाही जारी रही तो भारत को इसकी बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है। और यह कीमत कितनी चुकानी पड़ेगी इसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाएगा।
परिवार हमेशा-हमेशा के लिए तबाह हो जाएगा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'आने वाले 21 दिन हमारे लिए बहुत अहम हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो, कोरोना वायरस की संक्रमण साइकिल तोड़ने के लिए कम से कम तीन हफ्ते का समय महत्वपूर्ण है। अगर ये 21 दिन नहीं संभले तो देश और आपका परिवार पीछे चला जाएगा। कई परिवार हमेशा-हमेशा के लिए तबाह हो जाएंगे। हिंदुस्तान को बचाने के लिए, हिंदुस्तान के हर नागरिक को बचाने के लिए आपको बचाने के लिए आज रात 12 बजे से, पूरी तरह पाबंदी लगाई जा रही है।
भारत में कोरोना वायरस का बढ़ रहा प्रकोप
बता दें कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 550 से ज्यादा मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं कोरोना वायरस के कारण भारत में 10 मरीजों की जान भी जा चुकी है।
Published on:
24 Mar 2020, 10:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.