
vijay mallya
नई दिल्ली। देश से भाग कर इंग्लैंड में छिपे शराब कारोबारी विजय माल्या की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। अपना कर्ज वसूलने के लिए बैंक अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा जब्त भगोड़े कारोबारी विजय माल्या की 5646 करोड़ रुपये की संपत्ति और शेयर्स को बेच सकेंगे। यह फैसला प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट कोर्ट ने सुनाया है। यूनाइटेड ब्रूवरीज लिमिटेड, यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड और मैकडॉवेल होल्डिंग्स लिमिटेड में माल्या के शेयर्स बल्क डील्स के जरिए 23 जून को बेचे जाएंगे।
रियल एस्टेट की संपत्ति और सिक्योरिटी को बेचेन की अनुमति
देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के नेतृत्व में बैंकों का एक ग्रुप कर्ज वसूली के लिए उसकी तीन कंपनियों के शेयरों की बिक्री करेगा। देश से भागे हुए कारोबारी विजय माल्या की तीन कंपनियों में शेयरहोल्डिंग बेचकर किंगफिशर एयरलाइंस को दिए गए 6,200 करोड़ रुपये से अधिक के लोन की रिकवरी करेगा। पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर मल्लिकार्जुन राव ने बताया, 5,600 करोड़ के बकाया कर्ज को वसूलने के लिए बैंक ने विजय माल्या की कुछ रियल एस्टेट की संपत्ति और सिक्योरिटी को बेचेन की अनुमति दे दी है।
17 बैंकों के 9 हजार करोड़ रुपए फंसे
विजय माल्या ने 17 बैंकों से करीब 9 हजार करोड़ रुपए और उनके ब्याज अब तक नहीं भरा है। इसमें SBI सहित पंजाब नेशनल बैंक, IDBI बैक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इलाहाबाद बैंक, फेडरल बैंक, एक्सिस बैंक भी शामिल हैं। किंगफिशर एयरलाइन को दिए गए 6,900 करोड़ रुपए के मूल कर्ज में सर्वाधिक 1,600 करोड़ रुपये स्टेट बैंक ने दिए हैं। इसके अलावा, जिन अन्य बैंकों ने एयरलाइन को कर्ज दे रखा है, उनमें पंजाब नेशनल बैंक (800 करोड़ रुपए), आईडीबीआई बैंक (800 करोड़ रुपए), बैंक ऑफ इंडिया (650 करोड़ रुपए), बैंक ऑफ बड़ौदा (550 करोड़ रुपए), सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (410 करोड़ रुपए) शामिल हैं।
माल्या का दावा उधार ज्यादा संपत्ति की गई जब्त
भगोड़े विजय माल्या ने पिछले दिनों बयान जारी कर कहा था कि उसका जितना उधार है उससे ज्यादा की संपत्ति जब्त कर ली गई है। एक ट्वीट में माल्या ने कहा था कि टीवी देख रहा हूं और बार-बार मेरे नाम का जिक्र धोखेबाज के तौर पर हो रहा है। उन्होंने दावा किया है कि किंगफिशर एयरलाइन के उधार से अधिक मेरी संपत्ति को ईडी ने कुर्क कर लिया है।
माल्या को इंग्लैंड से वापस लाने के प्रयास जारी
भगोड़े विजय माल्या पर करीब 9 हजार करोड़ रुपए की धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। इस मामले में उसकी बंद हो चुकी किंगफिशर एयरलाइंस शामिल है। 65 वर्षीय कारोबारी विजय माल्या अप्रैल 2019 में अपनी गिरफ्तारी के बाद से प्रत्यर्पण वारंट पर ब्रिटेन में जमानत पर हैं। फिलहाल माल्या इंग्लैंड में है। जहां से उन्हें वापस लाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
Published on:
19 Jun 2021, 9:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.