पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और यूपी जैसे उत्तर भारतीय राज्यों में अगले दो दिनों तक लू जारी रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के इलाकों में भी लू की स्थिति दर्ज की गई।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत संपूर्ण उत्तर भारत में झुलसा देने वाली गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। कई राज्य इन दिनों प्रचंड गर्मी का कहर झेल रहे हैं। वहीं दिल्ली में 01 जुलाई 2021 को गर्मी का 90 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। आज दिल्ली का तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो आज के ही दिन 90 पहले वाली गर्मी से ज्यादा है। 1 जुलाई, 1931 को 43.5 डिग्री, 5 जुलाई, 1987 को 43.5, 2, जुलाई 2012 को 43.5 डिग्री, एक जुलाई, 2021 को 43.6 डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट के मुताबिक भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है। इंडियन मीटीअरलॉजिकल डिपार्टमेंट ( IMD ) ने गुरुवार को कहा है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और यूपी जैसे उत्तर भारत वाले राज्यों में अगले दो दिनों तक लू जारी रहने की संभावना है। इन सभी राज्यों के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के इलाकों में भी लू की स्थिति दर्ज की गई। इन सभी इलाकों के अलावा भी कई जगह पर भीषण गर्मी की स्थिति पाई गई है। जम्मू में भी अलग-अलग जगहों पर आज भीषण गर्मी रही।
गर्मी से राहत की संभावना कम
दूसरी तरफ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी के गुरुवार को कई पुराने रिकॉर्ड्स टूट गए हैं। 90 साल बाद एक जुलाई सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया। आज दिल्ली का तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक उत्तर भारत में मॉनसून की स्थिति एडवांस होने की वजह से अभी परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना कम है। अभी दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने हरियाणा, दिल्ली, पंजाब के कुछ हिस्सों, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों को छोड़कर पूरे देश को कवर किया है।
राजस्थान के कई शहरों में तापमान 40 के पार
देश की राजधानी दिल्ली की तरह ही राजस्थान में लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। कूलर-पखें भी गर्म हवाएं फेंक रहे हैं। शेखावाटी, चुरू में 44.4 डिग्री तापतान दर्ज किया गया। फतेहपुर में 41.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा राजस्थान के 17 जिलों मे 40 डिग्री से अधिक तापमान दर्ज किया गया है। अभी एक सप्ताह तक मौसम के गर्म रहने के आसार है।
Web title: weather update 90 Year Old Record Of Heat Broken In Delhi, No Hope Of Relief From Heat Wave In North India