scriptमुंबई में रविवार को निकलेगी जैन संघों की ‘महा रथयात्रा’ | 'Maha Rath Yatra' of Jain Sanghas will come out in Mumbai on Sunday | Patrika News
मुंबई

मुंबई में रविवार को निकलेगी जैन संघों की ‘महा रथयात्रा’

आचार्य, साधु-साध्वी लेंगे हिस्सा, राज्यपाल, सीएम-डीसीएम करेंगे दर्शन
गुजरात और कर्नाटक से बड़ी संख्या में आएंगे भाविक

मुंबईSep 19, 2022 / 06:39 pm

Devkumar Singodiya

मुंबई में रविवार को निकलेगी जैन संघों की ‘महा रथयात्रा’

मुंबई में रविवार को निकलेगी जैन संघों की ‘महा रथयात्रा’

मुंबई. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रविवार को जैन संघों की ओर से अभूतपूर्व महा रथयात्रा निकाली जाएगी। चातुर्मास विराजमान आचार्य के साथ साधु-साध्वी इसमें शामिल होंगे। जैन शासन के जय-जयकार के साथ दक्षिण मुंबई के वालकेश्वर स्थित चंदनबाला जैन संघ से सुबह 8.30 बजे महा रथयात्रा प्रयाण करेगी। चौपाटी-सुखसागर-गिरगांव, खेतवाड़ी, सीपी टैंक होते हुए यह भूलेश्वर के मोतीशा लालबाग जैन मंदिर परिसर में विराट धर्मसभा के साथ संपन्न होगी। जैन आगमादि धर्मशास्त्रों और उसका अनुकरण करने वाली सामाचारी के अनुसार आराधना करने कराने वाले संघ और आराधकों ने श्री पर्यूषण पर्व के निमित्त तपश्चर्याओं के अनुमोदनार्थ एवं श्रावक जीवन के वार्षिक कर्तव्य के पालनरूप में किया है।

तपागच्छ के सबसे सुविशाल सूरिरामचंद्र समुदाय के विजय पुण्यपालसूरीश्वरजी, चातुर्मास विराजमान अनेक पूज्य आचार्य भगवंत आदि साधु-साध्वी महा रथयात्रा में निश्रा प्रदान करेंगे। महा रथयात्रा में इंद्रध्वजाएं, 50 से अधिक संघ की बग्घियां, 30 से अधिक दीक्षार्थी, चौमुखजी परमात्मा आदि सैकड़ों रचनाएं, पुलिस बैंड, पूना की ढोल आदि वाद्यवृन्द, दुर्लभ मंडलियां, ध्वजा लहराते युवा-विद्यार्थी शामिल होंगे। हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा होगी। जैन धर्म के सिद्धांतों-आदेशों को ध्यान में रखते हुए निकाली जा रही यात्रा में परमात्मा का रथ भी शामिल होगा।

 

अनेक राज्यों से आएंगे श्रद्धालु
महा रथयात्रा में शामिल होकर पुण्यार्जन के लिए अनेक राज्यों के श्रद्धालु भी रविवार को मुंबई पहुंचेंगे। इनमें गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक और मध्यप्रदेश के जैन समुदाय के लोग विशेष रूप से शामिल होंगे। अनेक परिवारों ने होटल बुक करवा लिए हैं तो कई परिवार रिश्तेदारों के यहां ठहरने का प्रबंध कर चुके हैं।

 

पुष्प वर्षा और फल वितरण
महा रथयात्रा के दौरान मुंबई की सडक़ों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ेगा। जैन समाज के साथ ही अन्य समाजों के लोग भी पुण्यार्जन में पीछे नहीं रहने वाले हैं। अनेक समाजजनों ने तय किया है कि महा रथयात्रा पर पुष्प वर्षा और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण करेंगे। इस दौरान फल, शीतल पेय और अन्य प्रकार का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

Hindi News/ Mumbai / मुंबई में रविवार को निकलेगी जैन संघों की ‘महा रथयात्रा’

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो