
खाद्य अधिकारी और सीएमओ का वेतन रोकने के निर्देश
मुंगेली. कलेक्टर डी सिंह ने कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय सीमा के अंतर्गत अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों से कहा कि एसडीएम की उपस्थिति में सप्ताह में दो बार बैठक करें। साथ ही सप्ताह में एक बार मिलर्स की बैठक सुनिश्चित करें। उन्होंने धान का उठाव, बारदाने की उपलब्धता की जानकारी ली।
उन्होंने लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंताओं को निर्देशित किया कि राजस्व अनुविभागीय अधिकारी की उपस्थिति में ठेकेदारों की बैठक आयोजित करें। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता से कहा कि नये निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करायें। वहीं मुंगेली में राशन दुकान बनने के बाद भी शिफ्टिंग नहीं करने के कारण खाद्य अधिकारी, सहायक खाद्य अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी की वेतन रोकने के निर्देश दिये। इसी तरह कार्य में कोताही बरतने पर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन अभियंता का एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये। बैठक में अनुपस्थित रहने पर एटीआर के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने निर्देश दिये गये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समस्त जनप्रतिनिधियों का सम्मान करें। वहीं जनसंवाद के अंतर्गत प्राप्त आवेदन पत्रों की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि ग्राम झिरिया का भ्रमण अवश्य करें। कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त से कहा कि विस्थापित बैगा आदिवासी गांवों में व्यवस्था देख लें। जलसंसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी से भू अर्जन प्रकरण एवं खुडिय़ा जलाशय में जल भराव की जानकारी ली गई।
झझपुरीकला मामले में कलेक्टर ने ली समाज के पदाधिकारियों की बैठक
मुंगेली. कलेक्टर डी सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में ग्राम झझपुरीकला में हुए विवाद के पश्चात शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए समाज के गणमान्य नागरिकों एवं पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में उपस्थित समाज के पदाधिकारियों द्वारा एकमत होकर गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए लोगों से अपील की गई। कलेक्टर ने भी समाज के पदाधिकारियों के माध्यम से गांव में शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु लोगों से अनुरोध किया है। साथ ही किसी प्रकार की अफवाह में न पडऩे के लिए समाज के पदाधिकारियों ने लोगों से अपील की है। बैठक में रामेश्वर बंजारे, भुवनेश्वर पात्रे, देवचरण भास्कर, एसएल खाण्डेकर, घनश्याम जोशी, सुखनंदन, गौकरण सिंह भास्कर, अनिल प्रबल, जवाहर दिवाकर, भीम भारत, थानेश्वर साहू, जवाहर साहू, विनय साहू, डॉ. उदयराम साहू, भवनी साहू, भगवंता साहू, हरी प्रसाद साहू, बलदाऊ साहू, प्रदीप साहू, लोकराम साहू एवं सामाजिक लोग उपस्थित थे।
कलेक्टर ने किया उद्यान रोपणी निरीक्षण
मुंगेली. कलेक्टर डी सिंह ने विकासखण्ड मुंगेली के बाघामुड़ा में शासकीय उद्यान रोपणी का निरीक्षण किया। सहायक संचालक उद्यान चंद्रदेव सिंह को रख-रखाव के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये। कलेक्टर ने रोपणी में निर्माणाधीन प्रशिक्षण हाल का कार्य बंद होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल पूर्ण कराने निर्देशित किया। इस संबंध में उद्यान अधीक्षक केएन उपाध्याय द्वारा बताया गया कि उक्त निर्माण कार्य जिला खनिज मद से स्वीकृत राशि से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा मुंगेली द्वारा कराया जा रहा है। कलेक्टर ने रोपणी में पौध उत्पादन, बीज उत्पादन कार्यालय एवं अन्य कार्यो का भी अवलोकन किया।
Published on:
26 Dec 2018 11:15 am
बड़ी खबरें
View Allमुंगेली
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
