
नागौर. शहर में स्वच्छता को लेकर गुरुवार को प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला, जब नगरपरिषद आयुक्त गोविंद सिंह भींचर खुद सडक़ों पर उतर आए। मानासर चौराहा से लेकर कॉलेज रोड, शिवबाड़ी और गांधी चौक तक आयुक्त भींचर और उनकी टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सडक़ पर कचरा फेंकने वाले दुकानदारों के साथ ही लोगों को मौके पर ही आड़े हाथों लिया। कई स्थानों पर दुकानदारों से उनका ही कचरा उठवाया गया, और भारी जुर्माना भी लगाया गया।
तो फिर सडक़ पर क्यों फेक रहे कचरा
अपराह्न करीब तीन बजे शुरू हुआ यह अभियान शाम करीब पांच बजे तक लगातार चलता रहा। इस दौरान जहां-जहां सडक़ किनारे कचरे के ढेर नजर आए, वहां आयुक्त भींचर ने तुरंत रुककर दुकानदारों से जवाब मांगा। सबसे पहले उनसे पूछा गया कि क्या नियमित रूप से कचरा गाड़ी आती है। अधिकांश जगहों पर जवाब मिला कि गाड़ी आती है, जिस पर आयुक्त ने कड़े शब्दों में पूछा कि जब गाड़ी आती है तो फिर कचरा सडक़ पर क्यों डाला जा रहा है। आयुक्त के सख्त तेवर देखकर कई दुकानदार और आसपास मौजूद लोग हतप्रभ रह गए। कुछ जगहों पर तो लोगों को वहीं खड़ा कर उनसे सडक़ पर पड़ा कचरा उठवाया गया। साथ ही साफ चेतावनी दी गई कि यदि आगे से सडक़ पर कचरा फेंकते पाए गए तो जुर्माने की राशि और बढ़ा दी जाएगी।
जुर्माने को लेकर सख्त निर्देश
कार्रवाई के दौरान एसडीएम ने अपनी टीम को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती बरती जाए। कई दुकानदारों पर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। मौके पर एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि यदि जरूरत पड़े तो जुर्माने की राशि दस हजार रुपये तक भी की जाए ताकि लोगों को नियमों का पालन करने की आदत पड़े।
शिवबाड़ी में केबिन भी जब्त
अभियान के दौरान एक सख्त कार्रवाई शिवबाड़ी क्षेत्र में देखने को मिली। यहां सडक़ किनारे कचरा डालने के लिए उपयोग में ली जा रही एक केबिन को टीम ने जब्त कर लिया। प्रशासन का कहना था कि जब तक लोग स्वच्छता के नियमों का पालन नहीं करेंगे, तब तक इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर आयुक्त भींचर सीधे दुकानों के अंदर भी पहुंचे और दुकानदारों से पूछा कि कचरा आखिर सडक़ पर क्यों डाला जा रहा है। इतना ही नहीं, एक-दो जगहों पर तो आसपास के घरों के दरवाजे भी खटखटाए गए, और लोगों से बाहर आकर जवाब देने को कहा गया कि कचरा सडक़ पर किसने डाला।
सख्त चेतावनी भी दी
अभियान के दौरान आयुक्त भींचर ने साफ शब्दों में कहा कि शहर को साफ रखना सभी की जिम्मेदारी है। बार-बार समझाने के बाद भी यदि लोग नहीं सुधरते हैं तो प्रशासन को सख्त कदम उठाने पड़ेंगे। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी भी समय है, सुधर जाओ वरना कार्रवाई और सख्त होगी। करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई से शहर में चर्चा का माहौल बना रहा। जहां एक ओर कुछ लोग प्रशासन की इस पहल की सराहना करते नजर आए, वहीं कई दुकानदार अचानक हुई सख्ती से हैरान दिखे। हालांकि प्रशासन का साफ कहना है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Published on:
12 Mar 2026 10:49 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
