बेटियों को वितरित की साइकिलें
राजकीय माध्यमिक विद्यालय, अखासर संख्या १ के प्रधानाध्यापक छुट्टनलाल मीणा ने बताया कि कक्षा 9वीं की 14 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरित की गईं। साइकिलें पाकर बेटियों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। मुख्य अतिथि हनुमानराम भादू थे। राजकीय माध्यमिक विद्यालय छीला में साइकिल वितरण किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुन्दियाड़ में 16 छात्राओं को साइकिल वितरित की गईं। इस मौके पर व्याख्याता कैलाश विश्नोई के नेतृत्व में छात्र एवं छात्रा वर्ग में सामान्यज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। छात्रों की टीम 5 अंको से विजेता रही। विद्यालय के प्रधानाचार्य हरलाल खीचड़, एसडीएमसी सदस्य भैराराम, रामपाल फरड़ौदा, रामकिशोर सोनी, नरसिंहराम, हरिराम ईनाणियां व धर्मपाल डोगीवाल आदि मौजूद थे। राजकीय माध्यमिक बालिका विद्यालय, अलाय में 40 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय बाराणी के वरिष्ठ अध्यापक बालकिशन भाटी ने बताया कि विद्यालय की 32 बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर सरपंच आशाराम जांगू, पूर्व सरपंच भंवराराम सारण, शाला प्रधानाचार्य मगनाराम गोदारा, एसएमसी सदस्य मौजूद थे । विद्यालय में जयपुर से आए तकनीकी विशेषज्ञों व कम्प्यूटर आपरेटरों ने स्मार्ट क्लास तैयार की है। कम्प्यूटर व प्रोजेक्टर की सहायता से अब विद्यार्थियों को रंगीन चित्र की सहायता से शिक्षण करवाया जाएगा।