
A special campaign for liver elastography नरसिंहपुर. स्वास्थ्य विभाग जिले में लोगों के लिए एक नई और महत्वपूर्ण सुविधा शुरू कर रहा है। फैटी लीवर और नॉन-अल्कोहॉलिक स्टीटोहेपेटाइटिस (एनएएसएच) जैसी गंभीर लीवर बीमारियों की समय रहते पहचान के लिए पहली बार लीवर इलास्टोग्राफी जांच का विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके लिए जिलेभर के उप स्वास्थ्य केंद्रों में पूर्व पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। पंजीयनों की संख्या के आधार पर मशीन बुलाकर मरीजों की जांच कराई जाएगी। प्रयास है कि जिला अस्पताल के साथ ही गाडरवारा, करेली और गोटेगांव में जांच कराई जाए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फैटी लीवर एक ऐसी समस्या है, जो लंबे समय तक बिना किसी स्पष्ट लक्षण के शरीर को नुकसान पहुंचाती रहती है। यही कारण है कि इसे चिकित्सा जगत में साइलेंट किलर के रूप में भी देखा जाता है। मोटापा, अनियमित जीवनशैली और खानपान की आदतें इसके प्रमुख कारण मानी जाती हैं। विशेष अभियान के तहत जिले में कुछ समय के लिए अत्याधुनिक लीवर इलास्टोग्राफी मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। इस मशीन के माध्यम से लीवर की स्थिति और उसमें होने वाले बदलावों का सटीक आकलन किया जा सकेगा। सामान्य तौर पर यह जांच महंगी मानी जाती है और इसकी सुविधा सीमित स्थानों पर ही उपलब्ध रहती है।
सोमवार और बुधवार को होगा पंजीयन
स्वास्थ्य विभाग ने 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, विशेषकर मोटापे से ग्रस्त व्यक्तियों से अपने नजदीकी उप स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर पंजीयन कराने कहा है। प्रत्येक सोमवार और बुधवार को उप स्वास्थ्य केंद्रों में प्रारंभिक जांच और पंजीयन किया जाएगा। स्क्रीनिंग के दौरान निर्धारित मानकों पर पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों को ही लीवर इलास्टोग्राफी जांच के लिए चयनित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार जांच के लिए पूर्व पंजीयन अनिवार्य रहेगा। मशीन के जिले में पहुंचने के बाद केवल पूर्व से चयनित और पंजीकृत लोगों की ही जांच की जाएगी।
क्या है लीवर इलास्टोग्राफी
लीवर की उन्नत एवं आधुनिक जांच पद्धति
फैटी लीवर और एनएएसएच की पहचान में सहायक
लीवर की कठोरता और क्षति का आकलन संभव
गंभीर बीमारी बनने से पहले जोखिम की पहचान
कौन कराए पंजीयन
30 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति
मोटापे से ग्रस्त लोग
फैटी लीवर की आशंका वाले मरीज
स्क्रीनिंग में पात्र पाए जाने वाले व्यक्ति
कैसे मिलेगा लाभ
निकटतम उप स्वास्थ्य केंद्र में जाएं
सोमवार या बुधवार को पंजीयन कराएं
प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच कराएं
पात्र पाए जाने पर इलास्टोग्राफी जांच के लिए चयन होगा
बिना पूर्व पंजीयन जांच नहीं हो सकेगी
वर्जन
अभी मरीजों के पंजीयन करा रहे हैं, जैसे ही पंजीयनों की संख्या निर्धारित होगी तो फिर मशीन बुलाने प्रक्रिया होगी। पहले जिला अस्ताल में मरीजों को बुलाकर जांच कराएंगे, बाद में अन्य केंद्रों पर जांच की सुविधा दी जाएगी।
डॉ. मनीष मिश्रा, सीएमओ नरसिंहपुर
Published on:
21 Jun 2026 01:24 pm
बड़ी खबरें
View Allनरसिंहपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
