
परिणाम जानने उत्सुक बच्चे अभिभावक के साथ।
Narsinghpur top position in the stat नरसिंहपुर. शिक्षा के क्षेत्र में जिले के छात्र-छात्राओं की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने एक बार फिर प्रदेश में अपना दबदबा कायम रखा है। बुधवार को घोषित हुए कक्षा पांचवी-आठवीं के परीक्षा परिणाम में जिले ने तमाम जिलों को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में टॉप किया है। कक्षा 5वीं में जिले का प्रतिशत 98.63 तथा कक्षा 8वीं में 99.38 प्रतिशत रहा। बुधवार को बच्चों ने जहां अपना परिणाम घरों में अपने मोबाइल, लेपटॉप के जरिए देखा वहीं शिक्षा विभाग का अमला बच्चों की सफलता से गदगद रहा। जिले का परिणाम बीते कुछ वर्षो से प्रदेश में अग्रणी आ रहा है।
जिले में कक्षा 5वीं में कुल 17,706 परीक्षार्थियों में से 17,652 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 9,039 छात्र-छात्राएं ए एवं ए प्लस श्रेणी में रहे। वहीं कक्षा 8वीं में 16,528 में से 16,425 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 9,643 विद्यार्थी ए एवं ए प्लस श्रेणी में रहे।
पांचवी में चीचली, आठवीं में गोटेगांव प्रथम
कक्षा 5वीं में चीचली विकासखंड का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इसके अलावा चांवरपाठा 99.86, गोटेगांव 99.78 करेली 99.71, नरसिंहपुर 99.62 एवं साईखेड़ा 99.26 प्रतिशत रहा। इसी तरह कक्षा 8वीं में गोटेगांव 99.93 के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि चीचली 99.92, नरसिंहपुर 99.40, चांवरपाठा 99.24, करेली 99.13 एवं साईखेड़ा का परिणाम 98.65 प्रतिशत दर्ज किया गया।
छात्राओं का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
कक्षा 5वीं में 58.96 प्रतिशत छात्राओं ने ए एवं ए प्लस श्रेणी में स्थान बनाया है। वहीं कक्षा 8वीं में 69.25 प्रतिशत छात्राओं ने ए एवं ए प्लस में उत्तीर्ण होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पढ़ाई के प्रति अपनी मेहनत और लगन को उजागर किया है।
सफलता में यह रहे कारगर उपाय
जिले में बीते सालों की तरह परीक्षा परिणामों की सफलता में समय-समय पर हुए नवाचार एवं अन्य गतिविधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कलेक्टर रजनी सिंह के निर्देशन एवं जिला पंचायत के सीईओ गजेन्द्र सिंह नागेश के मार्गदर्शन में बच्चों को परीक्षा की तैयारियां कराई गईं। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, डाइट प्राचार्य राजीव किशोर श्रीवास्तव एवं जिला परियोजना समन्वयक मनीष चौकसे ने परिणामों की उपलब्धि को शिक्षकों एवं अकादमिक दल द्वारा किए गए नवाचारों और निरंतर शैक्षणिक गतिविधियों का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा है कि भविष्य में भी इसी प्रकार नवाचारों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य जारी रखेंगे।
तीन सालों से बढ़ा दबदबा
जिले ने वर्ष 2023 में कक्षा पांचवी के परिणाम में प्रदेश में प्रथम व आठवीं के परिणाम में दूसरा स्थान बनाया था। इसके बाद वर्ष 2024 में दोनों कक्षाओं के परिणाम में जिला प्रदेश में टॉप पर रहा। वर्ष 2025 में आठवीं में प्रदेश में टॉप किया और पांचवी के परिणाम में प्रदेश में दूसरा स्थान बनाया था।
पिछले तीन साल का परिणाम एक नजर में
2022-23
कक्षा 5वीं- 99.89 प्रतिशत
कक्षा 8वीं- 99.58 प्रतिशत
2023-24
कक्षा 5वीं- 99.90 प्रतिशत
कक्षा 8वीं- 99.77 प्रतिशत
2024-25
कक्षा 5वीं- 99.86 प्रतिशत
कक्षा 8वीं- 99.74 प्रतिशत
Published on:
26 Mar 2026 01:01 pm
बड़ी खबरें
View Allनरसिंहपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
