
Attack on Chandigarh BJP office (Image: IANS)
Attack on Chandigarh BJP office: चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित बीजेपी कार्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में इस हमले के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और विदेश में बैठे हैंडलर्स से जुड़े होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंदर लाल उर्फ शमी, जसवीर सिंह उर्फ जस्सी, चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी, रुबल चौहान और मनदीप उर्फ अभिजोत शर्मा के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, .30 बोर जिगाना पिस्टल और गोला-बारूद बरामद किया गया है।
जांच में सामने आया है कि यह पूरा मॉड्यूल पाकिस्तान की ISI के समर्थन से काम कर रहा था। इसके अलावा, पुर्तगाल और जर्मनी में बैठे विदेशी हैंडलर्स से इन्हें निर्देश मिल रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक सुनियोजित नेटवर्क का हिस्सा थे, जिसमें कई उप-मॉड्यूल और सहयोगी शामिल थे।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों ने हथगोले और हथियारों की खेप को कई चरणों में ट्रांसपोर्ट किया था। यह खेप अलग-अलग लोगों के जरिए अंतिम हमलावरों तक पहुंचाई गई। बताया जा रहा है कि पूरी साजिश को विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर अंजाम दिया गया।
पुलिस ने इस हमले में शामिल दो मुख्य आरोपियों की पहचान भी कर ली है। हालांकि वे अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में मोहाली में 3 अप्रैल को शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1)(बी) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आगे और खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। शुरुआती जांच से यह साफ है कि यह हमला एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा था, जिसके पीछे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क सक्रिय था।
Published on:
04 Apr 2026 09:37 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
