राष्ट्रीय

जगन्नाथ रथयात्रा में हाथी बेकाबू, अहमदाबाद में मच गई अफरा-तफरी

देशभर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्राएं निकाली जा रही हैं। गुजरात के अहमदाबाद में रथ यात्रा के दौरान हाथी अपना रास्ता भटक गया और वह बेकाबू हो गया। गनीमत रही कि वन विभाग की टीम ने उस पर जल्द काबू पा लिया।

2 min read
Rath Yatra (Photo: IANS)

Ahmedabad Rath Yatra 2025: आज देशभर में भगवान जगन्नाथ (Lord Jagannath) की रथ यात्राएं (Rath Yatra) निकाली जा रही हैं। पीएम मोदी ने भी देशवासियों को जगन्नाथ यात्रा की शुभकामानएं दी। अहमदाबाद (Ahmedabad) में रथ यात्रा के दौरान हाथी (Elephant) बेकाबू हो गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कहा कि हाथी अपना रास्ता भटक गया। लोगों ने कहा कि एक पल को लगा कि हाथी हमें कुचल देगा। पुलिस और वन विभाग की टीम ने लोगों को सीटी बजाने से रोका। कुछ देर बाद प्रशासन ने हालात पर नियंत्रण पा लिया।

पहली बार दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

अहमदाबाद में भगवान को सुबह 5 से 6 बजे तक तीनों मूर्तियों (भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा) को रथ पर बैठाया गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पाहिंद विधि कर रथ यात्रा की शुरुआत की। इसमें रथ के आगे सोने की झाडू लगाई जाती है। पहली बार भगवान के रथ यात्रा को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने परिवार के साथ जमालपुर जगन्नाथ मंदिर में मंगला आरती में भी भाग लिया। रात तकरीबन 8:30 बजे भगवान वापस मंदिर लौटेंगे। पुरी में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथ शाम को 4 बजे खींचे जाएंगे। उदयपुर में करीब 80 किलो चांदी के रथ में भगवान सवार होंगे। पश्चिम बंगाल के दीघा में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जा रही है।

अस्पताल के बिस्तर से दी यात्रा की शुभकामनाएं

मुंबई के अस्पताल में सर्जरी के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने लोगों को वार्षिक जगन्नाथ रथयात्रा की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अस्पताल के बिस्तर से वीडियो संदेश के जरिए देश व प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी हैं। ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने कहा कि मेरे प्यारे भाइयो और बहनो, भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के पावन पर्व पर मैं आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं।

पुरी से सांसद संबित पात्रा ने दी लोगों को शुभकामनाएं

जगन्नाथ रथ यात्रा पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, "आज भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू होने जा रही है। आज भगवान रथ पर बैठकर अपनी मौसी गुडिंचा के मंदिर जाएंगे, वे 3 किलोमीटर की यह यात्रा रथ पर तय करेंगे। ओडिशा की, सनातन की कितनी सुंदर परंपरा है कि भगवान स्वयं भक्त के द्वार पर जाते हैं। जगन्नाथ रथ यात्रा की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।

Updated on:
27 Jun 2025 11:41 am
Published on:
27 Jun 2025 10:43 am
Also Read
View All

अगली खबर