किन फैसलों से झलका असहयोग?
दिसंबर में, मालदीव ने हाइड्रोग्राफी में सहयोग के लिए भारत के साथ 2019 के एक एमओयू को रिन्यू करने से मना कर दिया। जनवरी में, मुइज्जू ने भारत से सैनिक वापस बुलाने को कहा। मालदीव में भारत के 77 सैनिक हैं जो भारत प्रायोजित रडार व निगरानी विमान संचालित करते हैं। वहीं, राष्ट्रपति के रूप में मुइज्जू ने पहली यात्रा तुर्की की थी, आमतौर पर मालदीव के राष्ट्रपति सबसे पहले भारत की यात्रा करते रहे हैं। अब सोमवार से मुइज्जू 12 जनवरी तक अपनी पहली द्विपक्षीय आधिकारिक यात्रा पर चीन गए हुए हैं। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल का कहना है, 'यह मालदीव को तय करना है कि वे कहां जाते हैं और अपने अंतरराष्ट्रीय संबंधों को कैसे आगे बढ़ाते हैं।'