
Flood Update : माॅनसून आगमन के साथ ही देशभर के कई राज्यों में बारिश का प्रकोप जारी है। जिससे गुजरात, असम और बिहार में लोगों को बाढ़ की समस्या से जूझना पड़ रहा है। असम में तो बाढ़ के कारण अब तक 43 हजार से ज्यादा लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जबकि बिहार में गंडक के उफान के चलते बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे ही हालात गुजरात में भी हैं।

Gujrat : बीते दो दिनों में गुजरात में भारी बारिश का दौर जारी है। जिसके कारण लोगों के घरों तक में पानी भर गया है। वलसाड में औरंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जबकि जूनागढ़ में भारी बारिश की वजह से चारों तरफ पानी भरा हुआ है।

जूनागढ़ से जामनगर तक बारिश के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कें पानी से लबालब भरी हुई हैं। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि फिलहाल गुजरात को बारिश से कोई राहत नहीं मिलने वाली है।

Assam : बाढ़ का सबसे ज्यादा प्रकोप इस समय असम में देखने को मिल रहा है। जहां बाढ़ के कारण 43 हजार से ज्यादा लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है। इस बीच मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कई इलाकों में आरेंज अलर्ट जारी किया है।

असम में बाढ़ के कारण किसानों का काफी बुरा हाल है। खेतों में पानी भर गया है, जिससे फसलें खराब हो गई हैं। वहीं मछुआरों को काफी नुकसान हुआ है। बता दें कि असम के बारपेटा जिले में सबसे ज्यादा लोग संकट में हैं।

Bihar : बिहार के भी कई जिलों में बारिश हो रही है। इस वजह से यहां नदियों के जल का स्तर बढ़ रहा है। कोसी, वाल्मीकिनगर और गोपालगंज में गंडक नदी के उफान में होने की वजह से लोग डरे हुए हैं। इसकी वजह से जो गांव थोड़ा नीचे बसे हैं, उन पर बाढ़ का संकट मंडरा रहा है।

फिलहाल बिहार को को अगले एक हफ्ते तक बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है, क्योंकि मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में अगले एक हफ्ते तक बारिश का सिलसिला ऐसे ही जारी रहेगा।