Indian Army: चीन के साथ चल रहे सीमा तनाव के बीच भारत ने दोनों देशों से सटे हिस्से में युद्धाभ्यास कर ड्रैगन को अपनी ताकत दिखाई है। भारतीय सेना ने सिक्किम में 17 हजार फीट की ऊंचाई वाले क्षेत्र में एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल (ATGM) ट्रेनिंग एक्सरसाइज की। बता दें कि पूर्वोत्तर के राज्य सिक्किम की सीमा चीन से लगती है। साथ ही इतनी अधिक ऊंचाई पर किए गए युद्धाभ्यास में थल सेना की त्रिशक्ति कॉर्प्स ने अपनी ताकत दुनिया को दिखाई। भारतीय सेना की तरफ से एक्सरसाइज का वीडियो भी जारी किया गया है। इस वीडियो में सेना की एंटी टैंक मिसाइल हथियार चीन की ओर मुंह कर आग के गोले उगल रहा है। साथ ही इंडियन आर्मी के जवानों को ठंडे, बर्फीले और खराब रास्तों पर जीप चलाकर पहुंचते हुए देखा जा सकता है। त्रिशक्ति कॉर्प्स के एक्सरसाइज का ये वीडियो 1.27 मिनट का है। इसमें आर्मी के जवानों को एक साथ तालमेल बैठाते हुए, दुश्मन के ठिकाने तक पहुंचने और फिर उन्हें निशाना लगाकर खत्म करने की प्रैक्टिस करते हुए भी देखा जा सकता है।