जनसंख्या नियत्रंण को लेकर नीतीश कुमार के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा एमएलसी निवेदिता सिंह मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोने लगीं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पूरे देश की महिलाओं को शर्मिंदा किया है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन यानी मंगलवार को जनसंख्या नियंत्रण पर बोलेते हुए एक विवादित टिप्पणी कर दी। जिसके बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी पार्टियों के नेता उनपर लगातार निशाना साध रहे हैं। इसी बीच नीतीश कुमार के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की एमएलसी निवेदिता सिंह कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोने लगीं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने देश के सभी महिलाओं को शर्मिंदा किया है।
भाजपा हुई हमलावर
सीएम नीतिश कुमार के इस बयान पर तंज कसते हुए बिहार भाजपा नेता शुभम राज सिंह ने निवेदिता सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, “नीतीश कुमार का सेक्स एजुकेशन सुनकर सदन से बाहर निकल गईं BJP MLC निवेदिता सिंह, रोते हुए बोलीं- “CM ने महिलाओं का अपमान किया, ये संगत का असर है”अब विधानसभा या विधान परिषद में माताओं, बहनों को अब जाना हुआ मुश्किल क्योंकि मुख्यमंत्री सेक्स लेक्चरर हो गए हैं।”
नीतीश कुमार ने क्या कहा?
नीतीश कुमार ने जनसंख्या नियत्रंण और महिलाओं की साक्षरता को लेकर मंगलवार को विधानसभा में अपने संबोधन में कहा कि कैसे एक शिक्षित महिला अपने पति को संबंध बनाने से रोक सकती है। पति के कारण अधिक बच्चे पैदा हुए। हालांकि, शिक्षा के साथ एक महिला जानती है कि उसे कैसे रोकना है। यही कारण है कि प्रजनन दर में कमी आ रही है। आप, पत्रकार भी इसे अच्छी तरह से समझते हैं। पहले प्रजनन दर 4.3 था, अब यह घटकर 2.9 पर आ गया है और जल्द ही हम 2 तक पहुंच जाएंगे।