
Election 2026
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर आज का दिन काफी अहम रहा। दोनों राज्यों में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब सबकी नजरें नतीजों पर टिक गई हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ दिखने लगी थी। खास बात ये रही कि महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कई जगहों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
तमिलनाडु की बात करें तो यहां सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग कराई गई। सुबह सात बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम तक काफी शांतिपूर्ण तरीके से चलती रही। कहीं से किसी बड़ी गड़बड़ी की खबर नहीं आई। बड़े नेता हों या फिल्मी हस्तियां, सभी ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। माहौल काफी व्यवस्थित और नियंत्रित नजर आया। चुनाव खत्म होने के बाद तमिलनाडु में कुल 84.35 प्रतिशत वोटिंग हुई।
वहीं पश्चिम बंगाल में चुनावी तस्वीर थोड़ी अलग रही। यहां 152 सीटों पर पहले चरण में मतदान हुआ और करीब 1478 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई। लेकिन इस दौरान कई जगहों से तनाव और झड़प की खबरें भी सामने आईं। मुर्शिदाबाद में टीएमसी कार्यकर्ताओं और एक स्थानीय नेता के बीच टकराव हुआ। सिलीगुड़ी में भी राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच विवाद की खबरें आईं। कुमारगंज इलाके से बीजेपी उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि उनके पोलिंग एजेंटों को बूथ से बाहर कर दिया गया और उनके साथ मारपीट भी हुई। हालांकि प्रशासन की ओर से हालात संभालने की कोशिश की गई और कई जगहों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई। पहले चरण में बंगाल में 91.40 प्रतिशत मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में रिकॉर्ड वोटिंग हुई।
अगर राजनीतिक समीकरण की बात करें, तो बंगाल में मुख्य मुकाबला टीएमसी और बीजेपी के बीच माना जा रहा है। वहीं तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन और एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन आमने-सामने हैं। दोनों ही राज्यों में चुनावी लड़ाई काफी दिलचस्प मानी जा रही है।
Updated on:
23 Apr 2026 07:45 pm
Published on:
23 Apr 2026 06:29 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
