4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीमच जिले का युवक पत्रकार बन कर रहा था अफीम की तस्करी, हरियाणा में धराया

तस्कर के साथ एक महिला भी थी मौजूद, 13 किलो 60 ग्राम अफीम के साथ ग्राम बरलाई का युवक गिरफ्तार, लग्जरी कार, प्रेस कार्ड और महिला का सहारा लेकर पुलिस को चकमा देने की थी कोशिश
2 min read
Google source verification

नीमच

image

Mukesh Sharaiya

Jul 04, 2026

Neemuch Breaking News

हरियाणा पुलिस की गिरफ्त में बरलाई निवासी आरोपी व महिला।

नीमच. प्रेस की आड़ में मादक पदार्थ अफीम की तस्करी करते नीमच जिले की रामपुरा तहसील के ग्राम बरलाई निवासी एक युवक को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तस्कर के साथ नीमच जिले की एक महिला भी पकड़ी गई है। लग्जरी कार से अफीम की तस्करी की जा रही थी।

पुलिस को चकमा देने के लिए अपनाए हथकंडे
हरियाणा पुलिस ने एक खुफिया सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अफीम बरामद की है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में फातेहाबाद हरियाणा की एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि अफीम तस्करी में गिरफ्तार दोनों तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए पूरे हथकंडे अपनाए थे। उन्होंने तस्करी के लिए एक दिल्ली नंबर की लग्जरी कार का इस्तेमाल किया, ताकि किसी को शक न हो। इसके साथ ही, पुलिस चेकिंग से बचने के लिए मुख्य आरोपी ने अपने साथ एक महिला को भी गाड़ी में बिठा रखा था। महिला की कार में मौजूदगी से ऐसा प्रतीत हो कि कोई परिवार सफर कर रहा है। हालांकि, अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच में दोनों के बीच ऐसा कोई पारिवारिक संबंध सामने नहीं आया है। महिला केवल तस्करी के इस खेल में पुलिस को गुमराह करने के लिए सह-यात्री बनी हुई थी।

विश्वसनीय सूचना पर हुई नाकाबंदी
सिंगला ने बताया कि पुलिस को इस तस्करी के संबंध में पहले ही एक बेहद विश्वसनीय और पुख्ता जानकारी (मुखबिर से) मिल चुकी थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके में प्रभावी नाकाबंदी की। जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची उसे रोककर सघन तलाशी ली गई। इसमें भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई। पकड़े गए दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के नीमच जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने तस्करी के आरोप में ईश्वर लाल पिता मांगीलाल पाटीदार निवासी बरलाई रामपुरा जिला नीमच और सोना पति सुनील प्रजापति निवासी राजसेन मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है।

सिरसा और फतेहाबाद में होनी थी सप्लाई
प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी इस खेप को आगे सिरसा और फतेहाबाद के अलग-अलग ग्रामीण व शहरी इलाकों में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और वे यह माल कहां से लेकर आए थे। पुलिस अधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि अपराधी चाहे कितने भी नए हथकंडे या तरीके अपना लें वे पुलिस की मुस्तैदी और सख्त कार्रवाई से नहीं बच सकते। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।