
31 जनवरी को हेरिटेज ट्रेन का अंतिम फेरा
डॉ. आंबेडकर नगर (महू). डॉ. आंबेडकर नगर (महू) रेलवे स्टेशन पर 1870 से चल रही मीटरगेज ट्रेन का संचालन 1 फरवरी से पूरी तरह से बंद हो जाएगा। वर्तमान में सप्ताह में शनिवार-रविवार संचालित हो रही हेरिटेज ट्रेन जुलाई माह से पातालपानी से ही संचालित की जाएगी। वहीं महू-ओंकारेश्वर रोड स्टेशन के बीच चल रही सवारी गाड़ी का संचालन भी 1 फरवरी से बंद हो जाएगा। दरअसल, महू रेलवे स्टेशन को ब्राडगेज लाइन के लिहाज से तैयार किया जा रहा है। लेकिन मीटरगेज ट्रेक और यार्ड होने से विस्तार में रेलवे को दिक्कत आ रही है। इसी कारण अब पातालपानी स्टेशन पर ही मीटरगेज ट्रेन के मेंटनेंस के लिए पिट लाइन और डिपो बनाया जाएगा। जिसको लेकर गुरुवार को रेल अफसर ने पातालपानी स्टेशन का निरीक्षण किया।
इंदौर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के यातायात दबाव को कम करने के लिए महू स्टेशन का पिछले चार वर्षों से विस्तार किया जा रहा है। जिसके चलते नई स्टेशन बिल्डिंगए प्लेटफॉर्म आदि बनाए जा रहे हंै। लेकिन मीटरगेज प्लेटफॉर्म और यार्ड होने से स्टेशन के विस्तार में दिक्कत आ रही है। इसके साथ ही जल्द ही महू-बलवाड़ा ब्राडगेज लाइन प्रोजेक्ट शुरू होना है। 27 दिसंबर 2022 को पश्चिम रेलवे जीएम अशोक मिश्र ने महू रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था। जिसके बाद रेलवे ने तय किया है कि हेरिटेज ट्रेन का संचालन पातालपानी स्टेशन से किया जाएगा। इसके साथ मीटरगेज कोच और पॉवर का मेंटनेंस भी पातालपानी स्टेशन पर ही होगा। कुल मिलाकर 1 फरवरी से महू स्टेशन से मीटरगेज का अस्तित्व खत्म हो जाएगा।
पातालपानी स्टेशन पर होगा मीटरगेज का मेंटनेंस
गुरुवार को रतलाम मंडल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर, एसएसइ, सीएडडब्ल्यू, सीसीई पॉवर, आइओडब्ल्यू, एसएसई टेलीकॉम विभाग के अफसरों ने पातालपानी स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां वर्तमान में मीटरगेज की चार लाइन है। जिसमें पहली लाइन पर ट्रेन संचालन किया जाता है। दूसरी लाइन पर गुड्स रैक रखा है। बाकि तीसरी और चौथी लाइन पर पिटलाइन और डिपो बनाया जाएगा। इन्ही दो लाइन पर मीटरगेज ट्रेन और पॉवर का मेंटनेंस किया जाएगा। भविष्य भी हेरिटेज ट्रेन संचालन भी इसी स्टेशन से किया जाएगा।
Published on:
13 Jan 2023, 1:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.