आईजी विकास कुमार शहर में पांच किमी पैदल गश्त पर निकले, दूरसंचार टॉवर पहुंच जुटाई जानकारी
बाड़मेर। जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विकासकुमार मंगलवार रात एक दिवसीय दौरे पर बाड़मेर पहुंचे। बुधवार सुबह उन्होंने एसपी नरेंद्रसिंह मीना व अन्य अधिकारियों के साथ शहर में करीब पांच किलोमीटर का पैदल राउंड किया और चौहटन सर्कल स्थित फायरिंग रेंज स्थल का निरीक्षण किया। यहां पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पास ही स्थित दूरसंचार केंद्र रोमियो 18 पर जाकर वहां की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके बाद जिला मुख्यालय पर आयोजित अपराध गोष्ठी में उन्होंने थानाधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध, तस्करी, नशा प्रवृत्ति और कानून व्यवस्था से जुड़े मसलों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अफसरों को सख्ती हिदायत दी कि बदमाशों पर कार्रवाई करें। साथ ही कहा कि लापरवाह अफसरों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
अपराध पर कड़ा नियंत्रण और सामाजिक सुधार की जरूरत
गोष्ठी में एसपी मीना ने जिले की कानून व्यवस्था, वांछित अपराधियों की धरपकड़ और चल रहे विशेष ऑपरेशनों की जानकारी दी। आईजी ने निर्देश दिए कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए और नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ सामाजिक व पुलिस स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएं। पुलिस का पहला उद्देश्य पीड़ित को तुरंत राहत देना और अपराधियों की कमर तोड़ना होना चाहिए। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। बैठक में एएसपी जसाराम बोस, कोतवाल बलभद्रसिंह, सदर थानाधिकारी सत्यप्रकाश विश्नोई समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सदर थाना परिसर में आईजी ने कहा कि नशे की लत युवाओं को भटका रही है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नशा त्यागने की शपथ ली।