नोएडा. नोएडा सेक्टर-53 स्थित गांव में बने एक ओपन मैरिज बैंक्वेट हॉल के सामने चढ़त के दौरान खुशी से नाचते-झूमते बारातियों के बीच अचानक चीख-पुकार मच गई। दरअसल, बैंक्वेट हॉल और नाले का जोड़ने के लिए बना पुल उस समय भरभरा कर गिर गया, जब बारात नाचते-झूमते बैंक्वेट हॉल की तरफ बढ़ रही थी। इस हादसे में दूल्हे समेत 30 बाराती, जिसमें 7-8 बच्चे भी शामिल थे अचानक नाले में जा गिरे। इसके बाद मौके पर हाहाकार मच गया। यहां मौजूद अन्य लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को नाले से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।