12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आपकी बात : नीट पेपर लीक, ईमानदार छात्रों के साथ खिलवाड़

पेपर लीक केवल अपराध नहीं, बल्कि शिक्षा, प्रशासन और युवाओं के मनोबल पर हमला है। इससे मेहनती छात्रों का आत्मविश्वास टूटता है और समाज में यह धारणा बनती है कि सफलता में मेहनत नहीं, बल्कि गड़बड़ी और पहुंच मायने रखती है।

3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Rakhi Hajela

May 12, 2026

Neet Exam cancelled

Neet Exam cancelled

नीट पेपर लीक: ईमानदार छात्रों के साथ खिलवाड़
हाल ही में नीट परीक्षा का पेपर लीक होना चिंता का विषय है। 3 मई को आयोजित परीक्षा में 22.79 लाख छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। लीक की जांच सीबीआई को सौंपी गई है, लेकिन सवाल यह है कि कब तक भ्रष्ट तंत्र ईमानदार छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करता रहेगा। पेपर लीक केवल अपराध नहीं, बल्कि शिक्षा, प्रशासन और युवाओं के मनोबल पर हमला है। इससे मेहनती छात्रों का आत्मविश्वास टूटता है और समाज में यह धारणा बनती है कि सफलता में मेहनत नहीं, बल्कि गड़बड़ी और पहुंच मायने रखती है। नीट जैसी परीक्षाओं में लापरवाही का असर भविष्य के डॉक्टरों और पूरे स्वास्थ्य तंत्र पर भी पड़ सकता है। मुख्य कारण हैं: तकनीकी कमजोरियां, प्रशासनिक लापरवाही, सुरक्षा में खामियां और अंदरूनी मिलीभगत। इसे रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल और सुरक्षित बनाया जाना चाहिए-डिजिटल एन्क्रिप्शन, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और मोबाइल जैमर अनिवार्य हों। सख्त कानून लागू हों, दोषियों की संपत्ति जब्त हो और उन्हें लंबे समय तक सरकारी या शैक्षणिक कार्य से प्रतिबंधित किया जाए। परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाई जाए, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और शिकायत निवारण मजबूत किया जाए। युवा शक्ति के भरोसे और मेहनत का सम्मान सुनिश्चित करना ही भारत को मजबूत और विकसित बना सकता है।
- मोहित सोनी, कुक्षी, मध्यप्रदेश

पीएम की अपील पर करें अमल
वैश्विक ऊर्जा संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और गैस का संयमित उपयोग करने की अपील की है। यह न केवल देश हित में है, बल्कि अनुकरणीय भी है। विपक्षी आलोचना करें, लेकिन हर नागरिक को इस पर अमल करना चाहिए। ऐसा करने से हम अप्रत्यक्ष रूप से देश के हितों की रक्षा में सहभागी बनेंगे।
- वसंत बापट, भोपाल

आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की दिशा में सकारात्मक आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी आह्वान ने एक बार फिर पूरे देश को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान की है। पश्चिम एशिया के संकट के बीच उन्होंने राष्ट्रहित में पेट्रोल-डीजल, गैस और खाद्य तेल की खपत कम करने की अपील की है। यह अपील सिर्फ संकट से निपटने के लिए नहीं, बल्कि स्वस्थ आदतें विकसित करने और आत्मनिर्भर भारत के सपने को और मजबूत करने की दिशा में एक सुनहरा अवसर है। कोविड काल में हमने देखा था कि जब पूरा देश एकजुट होता है, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं रह जाती। प्रधानमंत्री के आह्वान पर केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालय तेजी से काम कर रहे हैं। वर्क फ्रॉम को बढ़ावा देना, स्कूलों में ऑनलाइन शिक्षा, इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग, अनावश्यक यात्राओं में कमी और लोकल उत्पादों को प्राथमिकता जैसे सकारात्मक कदम न केवल ईंधन की बचत करेंगे, बल्कि स्वच्छ पर्यावरण, समय की बचत और स्वस्थ जीवनशैली भी देंगे।
यह संकट दरअसल हमें अपनी प्राथमिकताओं को फिर से परिभाषित करने का मौका दे रहा है। हर नागरिक का छोटा-छोटा योगदान- चाहे वह एक दिन में कम यात्रा करना हो, बिजली का सावधानीपूर्वक उपयोग करना हो या स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना हो- देश को ऊर्जा क्षेत्र में और मजबूत बनाएगा। साथ मिलकर हम न केवल इस चुनौती को पार करेंगे, बल्कि एक बेहतर, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का निर्माण भी करेंगे।
- विरेन्द्र कुमार पथरिया

ऑनलाइन दुनिया में महिलाएं कितनी सुरक्षित? बढ़ते साइबर अपराध बने चिंता का कारण
आज भी महिलाएँ डिजिटल दुनिया में पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं। साइबर बुलिंग, फेक आइडी और ऑनलाइन ब्लैकमेल जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का गलत उपयोग कर महिलाओं को अपमानित किया जाता है। उनकी तस्वीरों को एडिट कर गलत तरीके से फैलाया जाता है, जिससे उन्हें मानसिक प्रताडऩा का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, कई साइबर अपराधी महिलाओं की निजी जानकारी चुराकर उसका गलत इस्तेमाल करते हैं और उन्हें डराने या ब्लैकमेल करने की कोशिश करते हैं। यह समस्या केवल कानून तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सोच और जागरूकता से भी जुड़ी हुई है। महिलाओं को अपनी ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए और किसी भी साइबर अपराध की तुरंत शिकायत करनी चाहिए। केवल इसी तरह हम डिजिटल दुनिया को महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित और सुरक्षित स्थान बना सकते हैं।
- युवराज सिंह यादव, ग्वालियर