
meeting
प्रतापगढ़. प्रदेश के ग्राम विकास, समग्र ग्राम विकास एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (एमओएस) के मंत्री डॉक्टर महेन्द्र सिंह ने आज निरीक्षण भवन, लोनिवि, प्रतापगढ़ में विकास कार्यों से सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी परियोजना निदेशक डीआरडीए से ली तो उन्होंने बताया कि जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 8028 मकान बनाये गए है, इस पर मंत्री ने खण्ड विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन पात्रों के प्रधानमंत्री आवास बनाए जा चुके है उन सबकी जांच कराई जाए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ गरीब लाभार्थियों को मिलना चाहिए और इसमे किसी भी प्रकार की लापरवाही ना की जाए। उन्होंने परियोजना निदेशक से यह भी जानकारी ली कि अभी तक किस ग्राम पंचायत अधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की जांच की है और उस पर क्या कार्यवाही की गई है, तो परियोजना निदेशक ने बताया कि अभी तक किसी भी ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा इसकी जांच नहीं की गई, इस पर मंत्री जी ने निर्देशित किया कि एक सप्ताह के अन्दर इसकी जांच कर ली जाए और रिपोर्ट भेजी जाए।
डॉक्टर सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक को निर्देशित किया कि जो ग्राम पंचायत अधिकारी प्रधानमंत्री आवास योजना की जांच रिपोर्ट नहीं दे रहे हैं, उनको चिन्हित कर लिया जाए और सीधे निलम्बन अथवा सेवा समाप्ति की कार्यवाही के लिये आख्या शासन को भेजी जाए। मंत्री जी ने मनरेगा के अन्तर्गत आने वाले तालाबों के कार्यों के सम्बन्ध में जानकारी ली तो बताया गया कि अभी तक 256 तालाबों का निर्माण कराया गया है जिनमें से कुछ तालाबों की मरम्मत भी कराया एवं कुछ तालाबों में पानी भरावाया गया है। जल निगम की समीक्षा में मंत्री जी ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम से हैण्डपम्प के सम्बन्ध में जानकारी ली तो बताया गया कि सौ हैण्डपम्प का सत्यापन कराकर इसकी रिर्पोट भेज दी गई है। मंत्री ने पेयजल के सम्बन्ध में अधिशासी अभियन्ता से पूछा तो बताया गया कि 26 पेयजल योजनाएं है जिसमें से आठ परियोजनाओं को मार्च 2018 तक पूरा करना है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मंत्री जी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि यहां के अस्पताल के मरीजों का खाना खाने लायक नहीं रहता है, जिससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी को मंत्री जी ने निर्देशित किया कि समूह की महिलाओं को खाना बनाने में लगाया जाए। जिससे मरीजों को स्वच्छ और अच्छा भोजन मिल सके। मंत्री ने अस्पतालों की सही ढंग से साफ-सफाई एवं व्यवस्था के लिये निर्देशित किया और कहा कि इस कार्य को उचित ढंग से पूरा कराया जाए अन्यथा विपरीत परिस्थितियों के लिए चिकित्सा विभाग के सम्बंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजकमल यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरविन्द कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सन्तोष कुमार श्रीवास्तव, चिकित्सा विभाग के अपर शोध अधिकारी आरपी चौधरी सहित सम्बन्धित विभाग के अधिकारी एवं सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
By: सुनील सोमवंशी
Published on:
25 Feb 2018 04:07 pm
बड़ी खबरें
View Allप्रतापगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
