23 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया रिसाव के बाद धमाका, बिल्डिंग ढही, 20 लोगों के दबे होने की आशंका

Prayagraj Cold Storage Blast : प्रयागराज में एक भीषण हादसा हो गया। प्रयागराज के फाफामऊ में बने एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस के रिसाव के बाद धमाका हो गया।

2 min read
Google source verification

प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज में धमाका, मलबे में दबे मजदूर, PC- X

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। फाफामऊ इलाके में स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव के बाद हुए जोरदार धमाके ने पूरी इमारत को जमींदोज कर दिया। इस घटना में वहां काम कर रहे करीब 20 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और राहत-बचाव कार्य जारी है।

ढाई बजे के आसपास हुआ धमाका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। अचानक तेज धमाके के साथ कोल्ड स्टोरेज की बहुमंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। बताया जा रहा है कि यह कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अंसार अहमद का है, जो करीब 60 एकड़ के विस्तृत क्षेत्र में फैला हुआ है। हादसे के वक्त वहां करीब 100 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से 20 लोग सीधे तौर पर मलबे की चपेट में आ गए।

मौके पर पहुंची SDRF-NDRF की टीम

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मलबे की विशालता को देखते हुए तत्काल SDRF और NDRF की टीमों को तलब किया गया। वर्तमान में 4 जेसीबी मशीनों की मदद से कंक्रीट और लोहे के गाडरों को हटाने का काम किया जा रहा है। मलबे से रह-रहकर उठ रही अमोनिया की तीखी गंध रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा डाल रही है, जिसके चलते बचावकर्मी मास्क पहनकर अंदर दाखिल हो रहे हैं।

पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लिया

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर और कुछ अन्य वरिष्ठ कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और मेंटेनेंस में लापरवाही की बात सामने आ रही है। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि गैस रिसाव की जानकारी समय रहते क्यों नहीं मिल सकी।

चीख-पुकार और अपनों की तलाश

घटनास्थल पर मौजूद लोग हादसा देख कर हतप्रभ रह गए। मलबे के पास खड़े परिजन अपने अपनों की सलामती की दुआएं मांग रहे हैं। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर घायलों को कंधों पर उठाकर अस्पताल पहुंचा रहे हैं। फिलहाल जिला प्रशासन ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।