8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत केस में बड़ी खबर आई सामने! हाईकोर्ट में फैसला टला; अगली सुनवाई कब?

Bhojpuri Actress Akanksha Dubey Case Update: भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत केस में बड़ी खबर सामने आई है। पढ़िए केस अपडेट।

2 min read
Google source verification
big update emerges in death case of bhojpuri actress akanksha dubey know full story prayagraj

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत केस में बड़ा अपडेट।

Bhojpuri Actress Akanksha Dubey Case Update: भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की संदिग्ध मौत मामले में CBI जांच की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शुक्रवार को अंतिम फैसला नहीं सुनाया। तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए अदालत ने मामले की दोबारा सुनवाई करने का आदेश दिया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 22 मई को होगी।

दोनों आरोपियों को नोटिस जारी करने का आदेश

इलाहाबाद हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने दोनों आरोपियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा है कि याचिका की प्रति आरोपियों को उपलब्ध कराई जाए, जिसके बाद मामले की आगे सुनवाई की जाएगी।

SHO सारनाथ से मांगा गया काउंटर एफिडेविट

कोर्ट ने सारनाथ थाना प्रभारी से इस मामले में काउंटर एफिडेविट दाखिल करने को कहा है। अदालत ने चेतावनी दी है कि यदि अगली तारीख तक जवाब दाखिल नहीं किया गया तो SHO सारनाथ को 22 मई को सुबह 10 बजे व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना पड़ेगा। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने वाराणसीपुलिस कमिश्नर को निर्देश दिया है कि वह सुनिश्चित करें कि समय पर काउंटर एफिडेविट दाखिल किया जाए।

4 मई को सुरक्षित रख लिया गया था फैसला

गौरतलब है कि इस मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद हाईकोर्ट ने 4 मई को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। शुक्रवार को निर्णय सुनाए जाने की तारीख तय थी, लेकिन जस्टिस सिद्धार्थ और जस्टिस विनय कुमार द्विवेदी की खंडपीठ ने तकनीकी वजहों से अंतिम फैसला टाल दिया।

अक्टूबर 2023 में दाखिल की गई थी याचिका

मृतक अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने अक्टूबर 2023 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर मामले की CBI या SIT जांच कराने की मांग की थी। याची की ओर से अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने कोर्ट में पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई सालों से इस मामले में कई बार सुनवाई हुई, लेकिन कई मौकों पर पक्षकारों द्वारा काउंटर एफिडेविट दाखिल न करने की वजह से सुनवाई टलती रही।

होटल के कमरे में मिला था आकांक्षा दुबे का शव

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव 26 मार्च 2023 को वाराणसी के सारनाथ इलाके स्थित सौमेंद्र होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उसी दिन आकांक्षा की मां मधु दुबे ने सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

याचिका में रेप और सबूत दबाने के आरोप

हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में दावा किया गया है कि आकांक्षा दुबे की मौत से पहले रेप की आशंका भी है। याचिका में कहा गया कि अभिनेत्री की मौत जिन परिस्थितियों में हुई वह सामान्य आत्महत्या नहीं लगती। याचिका में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट का हवाला देते हुए मामले को संदिग्ध बताया गया है। साथ ही पुलिस जांच की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए महत्वपूर्ण सबूत दबाने और आरोपियों को बचाने की कोशिश का आरोप लगाया गया है।

समर सिंह को मिल चुकी है जमानत

मामले में नामजद आरोपी भोजपुरी गायक समर सिंह को 7 नवंबर 2023 को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। पुलिस ने समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में चार्जशीट दाखिल की है।

याची पक्ष ने जताई CBI जांच की उम्मीद

याची पक्ष के अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने दावा किया कि कोर्ट में उनकी ओर से मजबूत दलीलें रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि अदालत भी इस बात से सहमत दिखाई दे रही है कि आकांक्षा दुबे की मौत सामान्य आत्महत्या का मामला नहीं है। उन्होंने मामले में एक अन्य संदिग्ध संदीप सिंह का नाम भी सामने आने की बात कही। साथ ही भरोसा जताया कि अदालत इस मामले में CBI जांच का आदेश दे सकती है।

बड़ी खबरें

View All

प्रयागराज

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग