- छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी की बनेगी बायोपिक- छत्तीसगढ़ी और हिंदी दोनों भाषा में बनेगी बायोपिक
रायपुर. छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के संस्थापक अजीत जोगी (Chhattisgarh Former CM Ajit Jogi Biopic) की बायोपिक बनेगी। यहां छत्तीसगढ़ी और हिंदी दोनों भाषा में होगी। जकांछ प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा, जोगी जी का जीवन संघर्षों से भरा रहा हैं। दो घंटे की इस बायोपिक से आने वाली नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।
इस दौरान फिल्म के निर्माता अरविंद कुर्रे, निर्देशक देवेन्द्र जांगड़े, संगीतकार हेमलाल चतुर्वेदी, फिल्म कलाकार राज साहू ने भी बायोपिक के बारे में बताते हुए कहा छत्तीसगढ़ के किसी राजनेता पर पहली बार छत्तीसगढ़ी में फिल्म बनने जा रही हैं। इसके लिए स्थानीय कलाकारों का चयन किया जाएगा।
हर जिला मुख्यालय में लगेगी जोगी की प्रतिमा
सागौन बंगले में जकांछ कोर कमेटी और ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक हुई है। इसमें जोगी जन्म जयंती 29 अप्रैल से लेकर प्रथम पुण्यतिथि 29 मई 2021 तक जोगी जी की याद में अनेक कार्यक्रम आयोजित करने पर फैसला हुआ। इसके अलावा प्रत्येक जिले में जोगी की प्रतिमा लगाने का निर्णय भी हुआ।
इसके अतिरिक्त भिलाई, जामुल, बिरगांव में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव भी दमखम से चुनाव लड़ने का ऐलान किया। बैठक को संबोधित करते हुए अमित जोगी ने कहा, हम छत्तीसगढ़ किंग मेकर नहीं बल्कि यहां की जनता को किंग बनाएंगे और छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया के मूल मंत्र पर पार्टी का संचालन करेंगे।