4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG Dhan Kharidi: साय सरकार ने किसानों को दी बड़ी राहत, 5 और 6 फरवरी को होगी धान खरीदी

CG Dhan Kharidi: साय सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। धान खरीदी की तारीख समाप्त होने के बाद अब दो और बढ़ाने का ऐलान किया है...

3 min read
Google source verification
CG Dhan Kharidi, Chhattisgarh CM vishnudeo sai

Chhattisgarh CM vishnudeo sai ( Photo - Patrika )

CG Dhan Kharidi: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन ने किसान हित में एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील निर्णय लेते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय सीमा को बढ़ाने का ऐलान किया है। राज्य के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब धान खरीदी की प्रक्रिया दो अतिरिक्त दिनों तक जारी रहेगी। यह फैसला उन किसानों के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है जो पूर्व निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी फसल बेचने से चूक गए थे।

CG Dhan Kharidi: सरकार ने घोषित किया विशेष दिवस

विदित हो कि राज्य में धान उपार्जन का कार्य 15 नवंबर 2025 से शुरू होकर 31 जनवरी 2026 तक निर्धारित था। हालांकि जमीनी स्तर पर कई किसानों की समस्याओं को देखते हुए शासन ने अब 5 और 6 फरवरी को धान खरीदी (CG Dhan Kharidi ) के लिए विशेष दिवस के रूप में घोषित किया है। मंत्रालय, महानदी भवन से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र किसान अपनी मेहनत की उपज बेचने से वंचित न रह जाए।

ऐसे दिया वृद्धि का लाभ

इस समय वृद्धि का लाभ विशेष रूप से तीन श्रेणियों के किसानों को प्रदान किया जाएगा। इसमें प्राथमिकता उन किसानों को दी जाएगी जिन्होंने 10 जनवरी के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन जिनका सत्यापन किसी कारणवश पूरा नहीं हो पाया था। इसके साथ ही वे किसान भी पात्र होंगे जिन्होंने 10 जनवरी के बाद आवेदन किया और सत्यापन के उपरांत उनके पास धान उपलब्ध पाया गया है। शासन ने उन किसानों की पीड़ा को भी समझा है जिनके पास 28, 29 या 30 जनवरी का टोकन था, लेकिन वे किसी अपरिहार्य कारण से अपनी उपज विक्रय नहीं कर पाए थे, अब ये सभी किसान इन दो दिनों में अपनी फसल बेच सकेंगे।

तैयारी हुई पूरी

इस अंतिम चरण की खरीदी को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। शासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपार्जन केंद्रों पर आवश्यकतानुसार बारदाने, हमाल और अन्य संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर ने भी अपने सभी नोडल अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों और समिति प्रबंधकों को पत्र जारी कर इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और किसानों को पूर्ण सहयोग प्रदान करने को कहा है। अतः छूट गए किसान बिना देरी किए 5 और 6 फरवरी को अपने संबंधित केंद्रों पर जाकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

किसानों को 33 हजार 149 करोड़ रुपए का भुगतान

धान खरीदी का महाभियान के तहत 31 जनवरी तक 25 लाख 11 हजार से अधिक किसानों से लगभग 140 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। धान खरीदी के एवज में इन किसानों को 33 हजार 149 करोड़ रुपए का भुगतान बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत किया जा चुका है। सरकार द्वारा धान खरीदी की तिथि बढ़ाए जाने से अब उन छूटे हुए किसान भी सुगमतापूर्वक अपना धान बेच सकेंगे। इस वर्ष छत्तीसगढ़ सरकार की धान खरीदी की पारदर्शी व्यवस्था और किसान-हितैषी व्यवस्था से किसानों के हितों की रक्षा के साथ ही वास्तविक किसानों को लाभान्वित करने का संकल्प सार्थक हो रहा है।

राज्य में इस खरीफ सीजन के लिए 27 लाख 43 हजार 145 किसानों ने पंजीयन कराया है। प्रदेशभर में संचालित सभी 2,740 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की प्रक्रिया सुव्यवस्थित, डिजिटल निगरानीयुक्त और पूर्णतः पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है। शासन की यह व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है कि वास्तविक किसान को ही लाभ मिले और बिचौलियों अथवा फर्जी प्रविष्टियों की कोई गुंजाइश न रहे।