भ्रष्टाचार मुक्त, सेवा, सुरक्षा और संवर्धन होगा ध्येय वाक्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, ठोस कार्ययोजना के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त, सेवा, सुरक्षा और संवर्धन का ध्येय वाक्य ले कर काम करेंगे। इसी के तहत प्रदेश में स्वामी विहीन पशुधन के लिए गोवंश अभयारण्य की रूपरेखा बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
इसलिए बनी योजना
सड़कों पर घूम रहे स्वामी विहीन पशुधन यातायात के लिए बाधा बनते हैं। इसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं भी होती हैं। भूख से बेहाल पशुधन द्वारा कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक खाने से उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। गोवंश अभयारण्य योजना इसे रोकने की दिशा में सकारात्मक कदम साबित होगी।
यह होगा फायदा
इस योजना के शुरू होने के बाद सड़कों पर भूखे-प्यासे भटकने वाले गोवंश को न केवल नियमित आहार मिल सकेगा, बल्कि उनकी उचित देखभाल और चिकित्सकीय सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।