CG Weather Update: प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि से पारा 10 से 15 डिग्री तक गिर गया है। शनिवार को कई जिलों में सुबह से लेकर शाम तक गरज चमक के साथ बारिश होती रही। कांकेर जिले में धमतरी-चारामा मार्ग पर ओलावृष्टि के कारण बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गई।
CG Weather Update: प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि से पारा 10 से 15 डिग्री तक गिर गया है। शनिवार को कई जिलों में सुबह से लेकर शाम तक गरज चमक के साथ बारिश होती रही। कांकेर जिले में धमतरी-चारामा मार्ग पर ओलावृष्टि के कारण बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गई। कवर्धा में आकाशीय बिजली गिरने से दो ग्रामीणों की मौत हुई है। सुबह 9 बजे दोनों लोग बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। राजधानी में दोपहर तकरीबन 12 बजे से तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। हवा की रफ्तार 23 किलोमीटर प्रति घंटा आंकी गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ऊपर क्षोभ मंडल के निम्न स्तर पर स्थित है। एक द्रोणिका/हवा की अनियमित गति दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से झारखंड तक क्षोभ मंडल के निम्न स्तर पर स्थित है।
आज भी ऐसा रहेगा मौसम
रविवार को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने, अंधड़ चलने तथा ओलावृष्टि होगी। प्रदेश में अधिकतम तापमान में अपने अधिकतम गिरावट की स्थिति में आ चुका है।
दुर्ग संभाग : दलहन, तिलहन व टमाटर को नुकसान
पूरे संभाग में कहीं हल्की कहीं मध्यम बारिश और तेज हवाओं ने दलहन, तिलहन और टमाटर की फसल भारी क्षति पहुंचाई है। दुर्ग,राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा जिले में सुबह जोरदार घटा छाई रही और बीच-बीच में बारिश होती रही। सर्द हवाओं से ठिठुरन महसूस होती रही।
बारिश ने रोकी रायपुर-हैदराबाद फ्लाइट, भुवनेश्वर डायवर्ट
आंधी और बारिश के चलते हैदराबाद और रायपुर के बीच चलने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में लैंड नहीं कर पाई। इस फ्लाइट को रायपुर में दोपहर 1.30 बजे उतरना था। लेकिन, स्थिति को देखते हुए इसे भुवनेश्वर डायवर्ट कर दिया गया। दोपहर बाद आंधी और बारिश के रुकने के बाद यह फ्लाइट भुवनेश्वर से शाम करीब 6 बजे रायपुर पहुंची। इसके बाद हैदरबाद के लिए रवाना हो गई। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के डायरेक्टर प्रवीण जैन ने बताया कि आंधी और बारिश के कारण एक फ्लाइट को डायवर्ट किया गया था। बाद में मौसम साफ होने के बाद फ्लाइट रायपुर पहुंची। वहीं अन्य फ्लाइटों का संचालन सामान्य रहा।