
सोने की बिस्किट और एक छड़ के साथ दो संदिग्ध गिरफ्तार ( Photo - Patrika )
Chhattisgarh Crime News: रायपुर-नागपुर रेल सेक्शन में आरपीएफ क्राइम ब्रांच और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने जांच के दौरान सोने की तस्करी का खुलासा किया है। हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में सफर कर रहे दो यात्रियों के पास से करीब दो करोड़ रुपये का विदेशी सोना जब्त किया है। ट्रेन के बी-12 कोच से दो संदिग्ध यात्रियों को पकड़ा गया। बरामद की गए सोना का वजन 1.242 किलोग्राम के आसपास है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर को ट्रेन से सोने की तस्करी की खुफिया सूचना मिली थी। बताया गया था कि ट्रेन संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोने की खेप लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना के बाद नागपुर और रायपुर की आरपीएफ क्राइम ब्रांच टीम को डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच के लिए लगाया गया।
टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में यात्रियों और उनके सामान की निगरानी शुरू की। इसी दौरान बी-12 कोच में मौजूद दो यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। दोनों से पूछताछ के बाद सामान की तलाशी ली गई, जिसमें सोना बरामद हुआ।
जांच के दौरान जब्त किए गए सोने में सात गोल्ड बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है। सभी की कुल मात्रा करीब 1.242 किलोग्राम बताई गई है। अधिकारियों के प्रारंभिक मूल्यांकन के मुताबिक जब्त सोने की कीमत 1,96,34,307 रुपये है। विदेशी मूल का सोना मिलने के बाद मामले को संभावित तस्करी से जोड़कर जांच आगे बढ़ाई गई है।
आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को बरामद सोने के साथ डीआरआई नागपुर के अधिकारियों को सौंप दिया। इसके बाद डीआरआई ने कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से लाया गया था, इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी और इस पूरी खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
डीआरआई द्वारा मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए दोनों संदिग्धों की यात्रा, मोबाइल फोन और उनके संपर्कों से जुड़ी जानकारी की जांच की जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि जब्त सोने के पीछे तस्करी का कोई संगठित नेटवर्क हो सकता है। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही सोने के वास्तविक स्रोत और उसके संभावित गंतव्य का खुलासा होने की उम्मीद है।
Updated on:
13 Aug 2026 05:05 pm
Published on:
13 Aug 2026 04:40 pm
