
सरेआम छात्रा के अपहरण से मचा हड़कंप, चार घंटे बाद लौटी अपने ब्वॉयफ्रेंड संग
रायपुर । उद्योगपति प्रवीण सोमानी के अपहरण में राजधानी पुलिस उलझी ही है और इस बीच बुधवार को सुबह करीब 9.30 बजे एक और अपहरण का हल्ला मच गया। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। किसी ने डॉयल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि पुरानी बस्ती से स्कूल जा रही छात्रा का अपहरण कर लिया गया है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी अलर्ट हो गए और सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध कार की तलाश का निर्देश दिया गया। पुलिस करीब 4 घंटे छात्रा और कार को ढूंढने मशक्कत करती रही। इस बीच छात्रा को उसका प्रेमी उसके घर छोड़कर चला गया। इसके बाद पुलिस को राहत मिली।
पुलिस के मुताबिक पुरानी बस्ती निवासी 9वीं की छात्रा अपने सहेली के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में करीब 9.30 बजे वह एक काले रंग की कार ओडी 04 डी 1088 में बैठ गई। इसके बाद कार तेजी से निकली। आसपास के कुछ लोगों ने छात्रा को पहचान लिया था। उन्होंने डॉयल 112 में छात्रा का किडनैप हो जाने की सूचना दी। साथ ही परिजनों को भी इसकी जानकारी हुई। उन्होंने भी पुरानी बस्ती थाने में शिकायत की। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई।
सभी मार्ग हो गए सील
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने शहर की नाकेबंदी करवा दी। आमानाका, टाटीबंध, विधानसभा, आरंग आदि शहर से बाहर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस की चेकिंग पाइंट लगा दी गई। पुलिस संदिग्ध कार की तलाश में जुट गई। करीब चार घंटे तक पुलिस छात्रा और संदिग्ध कार की तलाश में मशक्कत करती रही।
प्रेमी घर छोड़कर चला गया
इस बीच करीब 3 बजे छात्रा को कार चालक उसके घर के पास छोड़कर चला गया। इसकी जानकारी पुलिस को हुई। पुलिस ने छात्रा और उनके परिजनों को बुलाकर पूछताछ की। सीडब्ल्यूसी में बयान दर्ज कराया गया। इस दौरान खुलासा हुआ कि कार चालक उत्तम ओडिशा के नुआपाड़ा का रहने वाला है। और छात्रा के साथ उसका प्रेम प्रसंग है। उसने नई कार खरीदी है, जिसमें घुमाने के लिए छात्रा को अपने साथ ले गया था। युवक के खिलाफ पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
Updated on:
22 Jan 2020 08:34 pm
Published on:
22 Jan 2020 08:28 pm

बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
