
दुर्ग। खारून की तर्ज पर जल्द ही शिवनाथ के महमरा घाट पर भी लक्ष्मण झूला बनाया जाएगा। सरकार ने 30 करोड़ की मंजूरी दे दी है। जल संसाधन विभाग के ईई सुरेश पांडे ने बताया कि इस्टीमेट व डिजाइन आदि का काम हो चुका है। प्रोजेक्ट की ड्राइंग डिजाइन का परीक्षण आईआईटी दिल्ली में किया जा रहा है।
शासन से तकनीकी स्वीकृति मिलते ही टेंडर निकाला जाएगा। विधायक अरुण वोरा ने लक्ष्मण झूला निर्माण योजना के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और जल संसाधन विभाग के अफसरों से प्रोजेक्ट की जानकारी ली।
अफसरों ने बताया कि अगले एक साल के भीतर लक्ष्मण झूला का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। पूरे छत्तीसगढ़ में केवल महादेव घाट रायपुर और राजिम में लक्ष्मण झूले का निर्माण किया गया है। इसके अलावा खारून नदी पर एक और लक्ष्मण झूला निर्माणाधीन है। शिवनाथ के महमरा तट पर राज्य का चौथा लक्ष्मण झूला बनाने की योजना तैयार हो चुकी है।
इस तरह बनेगा
लक्ष्मण झूला करीब 250 मीटर लंबा और 3 मीटर चौड़ा होगा। डेकोरेटिव डेक के साथ रंगीन लाइटिंग व्यवस्था के साथ लक्ष्मण झूले को बेहद आकर्षक बनाया जाएगा। इंटेकवेल के आसपास ही पार्किंग जोन भी बनाया जाएगा।
गार्डन और पार्किंग भी
वोरा ने जल संसाधन विभाग के अफसरों को महमरा गांव छोर पर गार्डन विकसित करने और दुर्ग के इंटेकवेल छोर पर पार्किंग व्यवस्था के लिए पर्याप्त स्थान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
कैमरा भी लगाया जाएगा
पूर्व पार्षद राजपूत ने बताया कि विधायक वोरा की पहल पर जल्द यहां सीसीटीवी कैमरा भी लगाया जाएगा। वोरा ने ब्रिज में कैमरा लगाने की आवश्कयता पर प्रभारी मंत्री से बात की। इस पर मंत्री ने जल्द राशि स्वीकृत कराकर कैमरा लगाने का भरोसा दिलाया है।
Published on:
5 Aug 2022, 4:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.